पुराने हिसाब को लेकर व्यापारी पर किया हमला, कट्टा मिस हुआ तो कुल्हाड़ी से किया वार, दो सगे भाई गिरफ्तार

फरीदाबाद : थाना सदर बल्लभगढ़ के अंतर्गत गांव फतेहपुर बिल्लौच में एक व्यापारी पर जानलेवा हमला करने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपितों, बलराम उर्फ बाली और वेदप्रकाश उर्फ बेदु को चांदपुर बस अड्डे से गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने पुरानी रंजिश के चलते व्यापारी पवन पर कुल्हाड़ी से हमला किया था और वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, पीड़ित पवन की फतेहपुर बिल्लौच में ‘चंचल ट्रेडिंग’ के नाम से दुकान है। गिरफ्तार आरोपित बलराम और वेदप्रकाश करीब 3-4 साल पहले इसी दुकान पर काम करते थे। काम के दौरान रुपयों के गबन और 18,000 रुपये के गाटर-पट्टी के सामान को लेकर इनके बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद पवन ने उन्हें काम से निकाल दिया था। तभी से दोनों आरोपित रंजिश पाले हुए थे। वर्ष 2025 में भी इनके बीच झगड़ा हुआ था, जिसका मामला दर्ज है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपितों ने पवन को जान से मारने की पूरी साजिश रची थी। 21 जनवरी को दोनों ने गाड़ी से पवन की रेकी की, लेकिन वह नहीं मिला। 22 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे आरोपित दोबारा दुकान पर पहुंचे। आरोपित वेदप्रकाश ने देसी कट्टे से पवन पर फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद आरोपित बलराम ने पास रखी कुल्हाड़ी से पवन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से फरार हो गए।

शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार (पीडित का भाई) की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहित की धारा 109, 351, और 3(5) के तहत अभियोग संख्या 19 दर्ज किया था। अपराध शाखा ऊंचा गांव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार बलराम (25) आठवीं पास है और वेदप्रकाश (38) 12वीं पास है। दोनों वर्तमान में ड्राइवरी का काम करते हैं। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More