बुलेट ट्रेन परियोजना रफ्तार तेज, भरूच में 130 मीटर लंबा स्टील ब्रिज सफलतापूर्वक लॉन्च

नई दिल्ली: देश की महत्वाकांक्षी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। गुजरात के भरूच जिले में कंथारिया गांव के पास नेशनल हाईवे-64 (एनएच-64) और भारतीय रेलवे की भरूच-दहेज फ्रेट लाइन के ऊपर 230 मीटर लंबे स्टील ब्रिज का 130 मीटर का स्पैन 9 दिसंबर को सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया गया। यह ब्रिज दो स्पैन वाला है- 130 मीटर और 100 मीटर का। दूसरा स्पैन का काम भी तेजी से चल रहा है।

यह सतत स्टील ब्रिज लगभग 18 मीटर ऊंचा और 14.9 मीटर चौड़ा है। इसका वजन करीब 2780 मीट्रिक टन है। गुजरात के भुज स्थित वर्कशॉप में निर्मित इस ब्रिज को 100 साल की लाइफस्पैन के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें करीब 1,22,146 टॉर-शियर टाइप हाई स्ट्रेंथ बोल्ट, सी5 सिस्टम पेंटिंग और मेटालिक बेयरिंग का इस्तेमाल किया गया है।

ब्रिज को जमीन से 14 मीटर ऊंचाई पर टेंपरेरी ट्रेस्टल्स पर असेंबल किया गया और मैक-अलॉय बार के साथ दो सेमी-ऑटोमैटिक जैक (प्रत्येक 250 टन क्षमता) की मदद से धकेला गया। फ्रेट ट्रैक पर अंतराल ब्लॉक और एनएच-64 पर रोड डायवर्जन के साथ मात्र 12 घंटे में लॉन्चिंग का काम पूरा कर लिया गया। सभी गतिविधियां इस तरह प्लान की गईं कि सड़क उपयोगकर्ताओं और फ्रेट ऑपरेशन में न्यूनतम व्यवधान हो।

नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) के अधिकारियों के अनुसार, यह लॉन्चिंग परियोजना की गति को और बढ़ाएगी। पूरे कॉरिडोर में अब तक कई स्टील ब्रिज पूरे हो चुके हैं, जिनमें वडोदरा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 230 मीटर लंबा ब्रिज भी शामिल है। गुजरात में कुल 17 स्टील ब्रिज बनाए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सूरत स्टेशन का निरीक्षण किया था और परियोजना की प्रगति पर संतोष जताया था। गुजरात खंड को 2027 तक और पूरी परियोजना को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More