बदरपुर में खुले एम्स की नई शाखा, भाजपा सांसद बिधूड़ी का लोकसभा में सुझाव

बंद पावर प्लांट की जमीन पर एम्स अस्पताल, कॉलेज और स्टेडियम बने: बिधूड़ी

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने एम्स की बढ़ती मरीजों की भीड़ और जमीन की कमी की समस्या का अनोखा हल सुझाया है। लोकसभा में मामला उठाते हुए उन्होंने मांग की कि बदरपुर में बंद पड़े एनटीपीसी पावर हाउस की खाली पड़ी करीब 400 एकड़ जमीन पर एम्स का नया अस्पताल खोला जाए। साथ ही इस जमीन पर एक कॉलेज और स्टेडियम बनाने का भी सुझाव दिया। उन्होंने वहां चल रहे केंद्रीय विद्यालय को जारी रखने की भी अपील की।

बिधूड़ी ने सदन में कहा कि एम्स दिल्ली का नहीं, बल्कि पूरे देश का सबसे प्रतिष्ठित अस्पताल है, लेकिन अब यहां जमीन की भारी कमी हो गई है। कई विभागों के लिए जगह नहीं बची है। मरीजों को इलाज के लिए सालों इंतजार करना पड़ता है और अस्पताल भीड़ झेलने में असमर्थ हो चुका है।

उन्होंने तर्क दिया कि एक ओर एम्स में जगह की किल्लत है, तो दूसरी ओर बदरपुर में एनटीपीसी का बंद पावर हाउस है, जहां सरकार के पास करीब 400 एकड़ जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन पर एम्स का विस्तार कर नया अस्पताल बनाया जाए तो न सिर्फ एम्स की समस्या हल हो जाएगी, बल्कि दक्षिण दिल्ली के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। भाजपा सांसद ने कहा कि इस खाली जमीन का सदुपयोग कर कॉलेज और स्टेडियम भी बनाए जाएं, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास हो। उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव पर तुरंत विचार करने की मांग की।

गौरतलब है कि बदरपुर थर्मल पावर प्लांट को प्रदूषण के कारण 2018 में बंद कर दिया गया था। इसके बाद इसकी कुछ जमीन पर इको पार्क बनाने की योजना चल रही है, लेकिन बड़ी हिस्सा अभी खाली है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस जमीन पर शैक्षिक और खेल सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। बिधूड़ी का यह सुझाव क्षेत्रवासियों के लिए राहत की खबर माना जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More