रायपुर/राजनांदगांव/महासमुंद/कांकेर। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में प्रदेश की तीन सीटों राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। नक्सलियों ने विरोध किया, रास्ता रोका, यहां तक कि आईईडी ब्लास्ट भी किया, बावजूद इसके मतदाता नहीं रुके। सबसे ज्यादा उत्साह नक्सली प्रभावित क्षेत्रों और महिलाओं में दिखा।
जिसके चलते दूसरे चरण में 70.65 प्रतिशत वोट पड़े। हालांकि नक्सल प्रभावित क्षेत्र से अभी मतदान के आंकड़े आने में समय लगेगा। ऐसे में वोटिंग का यह प्रतिशत बढ़ भी सकता है।
अभी तक दो चरणों में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में हुई वोटिंग में महिलाओं का उत्साह सबसे ज्यादा रहा। सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही महिलाएं बूथ के बाहर पहुंच गईं। इनमें ऐसी महिलाएं भी शामिल थीं, जो रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करती हैं। उनका कहना था कि मतदान जरूरी है, इसलिए सुबह से ही आ गए। वोट करने के बाद ही अब काम पर जाएंगे। प्रदेश में अब तीसरे व अंतिम चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। प्रदेश की 7 सीटों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा, जांजगीर चांपा, रायगढ़ व कोरबा में मतदान होगा।
धमकी दी, आईईडी विस्फोट किया, फिर भी नहीं डिगे लोग
नक्सलियों ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार की धमकी दे रखी है। दूसरे चरण में भी राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के मोहला-मानपुर, कांकेर लोकसभा क्षेत्र के अन्तागढ़, भानुप्रतापपुर, केशकाल व कांकेर विधानसभा क्षेत्र और महासमुंद लोकसभा में बिंद्रानवागढ़ के 6 केंद्र नक्सल प्रभावित थे। जिसके चलते यहां पर 3 बजे तक ही मतदान का समय रखा गया था। बावजूद इसके लोग मतदान केंद्र तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कांकेर के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र दुर्गकोंदल विकासखंड के अंतिम छोर कोदापाखा की फोटो नक्सलियों के खिलाफ हौंसलों को बताती है। जहां पर नक्सली दहशत होने के बावजूद महिलाएं, बुजुर्ग और युवा मतदान करने के लिए पहुंचे।राजनांदगांव लोकसभा के भी मानपुर में मेढ़ा-ढब्बा गांव में नक्सलियों ने साइकिल पर आईईडी ब्लास्ट किया। इसमें आईटीबीपी के दो जवान घायल हो गए। वोट करने जा रहे ग्रामीणों का रास्ता नक्सलियों ने रोका। फिर भी दूसरे रस्तो से ग्रामीण पोलिंग बूथ पर पहुंचे।
-
दूसरे चरण में कई स्थानों पर ईवीएम खराबी को लेकर शिकायतें आईं। जिसके चलते 15 मिनट से लेकर एक घंटे तक मतदान रुका रहा।
-
सबसे ज्यादा ईवीएम खराब होने की शिकायत धमतरी की थी। जिसके चलते लाइन में इंतजार कर रहे तमाम मतदाता बिना वोट किए भी लौट गए।
-
बालोद में कई लोगों को विधानसभा चुनाव की तरह 8 बजे से मतदान शुरू होने का भ्रम भी रहा।
-
राजनांदगांव के मानपुर थाना क्षेत्र के कोहका में सुरक्षाकर्मियों और ग्रामीणों के बीच झड़प। ग्रामीण थाने में एफआईआर करने पहुंचे।
-
महासमुंद के खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के बीके बहरा स्थित स्कूल परिसर में बने मतदान केन्द्र पर मधुमक्खियों का हमला। दो घायल, वृद्ध गंभीर।
-
कवर्धा में ग्राम छिंदीडीह के मतदाता 10.30 बजे तक मतदान करने नही गए। बैगा आदिवासी बूथ बदलने को लेकर हैं नाराज। इन मतदाताओ को तेलियापानी धोबे जाना है मतदान करने।
-
भानुप्रातापपुर के अंतागढ़ में बूथ 186 पर ड्यूटी कर रहे मतदान कर्मी झोलीन गांव, भानुप्रतापपुर निवासी सुकलुराम की हार्टअटैक से मौत हो गई।