बहराइच में पति-पत्नी को खा गया भेड़िया; 3 महिलाओं पर हमला, गुस्साए ग्रामीणों ने एसडीओ-डीएफओ की गाड़ी तोड़ी, भागे अफसर

राष्ट्रीय जजमेंट

बहराइच : आदमखोर भेड़िए ने बुजुर्ग दंपत्ति को अपना निवाला बना लिया. खेत में दोनों की लाश मिली. भेड़िया बुजुर्ग का एक हाथ और पैर का पंजा खा गया. इसके अलावा अलग-अलग मामलों में 3 महिलाओं पर हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया. मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा है. सुबह कई अफसर गांव में पहुंचे. गुस्साए ग्रामीणों ने डीएफओ और एसडीओ की गाड़ी तोड़ दी. लाठी-डंडे लेकर अफसरों को दौड़ा लिया. अफसरों ने भागकर अपनी जान बचाई.कैसरगंज तहसील के मंझारा तौकली के प्यारेपुरवा गांव के रहने वाले दंपत्ति खेदन (60) और उनकी पत्नी मनकिया (55) सोमवार की रात खेत में लगी फसल की रखवाली करने गए थे. दोनों रात में वहीं एक छप्पर में सो गए थे. ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार की सुबह जब दंपत्ति घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की. खेत में पहुंचे तो वहां दोनों की लाश पड़ी थी. ग्रामीणों ने बताया कि भेड़िये उनके अंगों को खा लिया था.अलग-अलग गावों में 3 महिलाओं पर हमला : वहीं इलाके के मंझारा तौकली के ही गंधू झाला की रहने वाली मीना (35) पत्नी मथुरा प्रसाद घर में सो रहीं थीं, उन पर भी जंगली जानवर ने हमला कर दिया. पास के ही भृगुपुरवा की रहने वाली धनपतिया पत्नी रामदेव बरामदे में सो रही थी. जानवर ने उन पर भी हमला किया. इसके अलावा प्यारेपुरवा के रहने वाली सेबरी (30) पत्नी नन्हू पर भी जानवर ने हमला किया. घटना के दौरान वह घर में सो रही थी.
सेबरी का दावा है कि हमला करने वाला जानवर भेड़िया था. शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दोड़े तो वह भाग निकला. वहीं तीनों घायलों को फखरपुर सीएचसी ले जाया गया, यहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.ग्रामीण बोले- रात में दी सूचना, सुबह पहुंचे अफसर : ग्रामीणों का कहना है कि देर रात ही वन विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई थी, इसके बावजूद कोई भी अधिकारी व कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच. इससे ग्रामीण गुस्से में थे. सुबह दंपत्ति की लाश मिलने पर वन विभाग के अफसर गांव में पहुंचे तो लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया. एसडीओ राशिद जमील और बाराबंकी डीएफओ अजीत प्रताप सिंह के वाहन के शीशे तोड़ दिए. अधिकारी मौके से भाग निकले.ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए पुलिस व पीएसी के साथ जिला प्रशासन के अफसर भी पहुंच गए. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हमले हो रहे है मगर वन विभाग कुछ नहीं कर पा रहा है. अगर प्रशासन कुछ न कर पाए तो उन्हें हमारे हाथों में छोड़ दे.’वन विभाग बरत रहा लापरवाही’ : गांव के प्रेम चंद्र साहनी ने बताया कि भेड़िए ने दंपत्ति के अंगों को खा लिया है. दोनों की मौत हो गई है. शनिवार को सीएम योगी जिले के दौरे पर थे. इसके एक दिन पहले और एक दिन बाद तक की प्रशासन जंगली जानवरों के हमलों को लेकर अलर्ट रहा. इसके बाद लापरवाही बरती जा रही है. प्रशासन वन विभाग पर कार्रवाई करे.गांव के लोगों को वन विभाग पर भरोसा नहीं : प्रेम चंद्र ने बताया कि गांव के लोगों ने दंपत्ति को लाश को ले जाने से रोका तो पुलिस जबरन उठा ले गई. ग्रामीणों का कहना था कि गांव में डीएम आएंगे तभी वे दंपत्ति की लाश को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने देंगे. प्रेम चंद्र ने आरोप लगाया कि वन विभाग ने ड्रोन कैमरे लगाए हैं, लेकिन उसमें क्या आ रहा है, इसके बारे में किसी को कुछ नहीं बताया जा रहा है. वन विभाग ने दावा किया था कि उन्होंने दो भेड़ियों को मार दिया है, लेकिन किसी को भी उनकी लाश नहीं दिखाई. गांव के लोगों के वन विभाग पर भरोसा नहीं है.मुख्यमंत्री ने दिया शूट एंड साइट का ऑर्डर : एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि वन विभाग कहता है कि सियार हमला कर रहा है. जबकि यहां पर तेंदुआ, भेड़िया, लकड़बग्घा ये सभी अटैक करते हैं. लोग भय के माहौल में जी रहे हैं, यहां तक कि पालतू जानवरों के लिए चारे-पानी के इंतजाम के लिए भी बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. अब दंपत्ति की मौत हुई है. वन विभाग ने आज तक कुछ नहीं किया. गांव के लोग इस समस्या का स्थायी समाधान चाहते हैं. मुख्यमंत्री ने शूट एंड साइट का ऑर्डर दिया है. इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है.

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More