कुबेरस्थान: जिला अस्पताल रेफर हुए जच्चा-बच्चा की लापरवाही के चलते रास्ते मे हुई मौत

0
कुशीनगर। जिले के कुबेरस्थान उच्चीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अंतर्गत स्थित साढ़ी एएनएम सेंटर के बाद कसया एक निजी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर हुए जच्चा-बच्चा की रास्ते में ही मौत हो गयी। इस मामले में स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी ने जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं मायके वाले दरवाजे पर शव रखकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पडरौना ब्लाक के ग्राम सखवनिया बुजुर्ग टोला बढ़या छापर निवासी शौकत अंसारी की गर्भवती बेटी आसमा अपने मायके आई हुई थी। सोमवार को उसे दर्द होने पर गांव के आशा को परिवारजनों ने बुलाया। आशा साढी एएनम सेंटर पर परिजनों के साथ लेकर चली गई। आरोप है कि वहां की एएनएम ने कुछ रुपये जमा कराकर आसमा को भर्ती कर लिया।
कुछ देर में ही डिलेवरी होने की बात कहते हुए 24 घंटे तक वहीं रोके रही। सोमवार को शाम में एएनएम एक प्राइवेट अस्पताल का नाम लेकर कसया भेज दिया। यहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर तुरंत जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। महिला का पति दिल्ली रहता है। महिला के दो बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में कुबेस्स्थान स्वास्थ्य प्रभारी डा. सतीश चंद्र ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। अब जानकारी हुई है, इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि एएनएम को 24 घंटा रोकने का कोई सवाल ही नहीं है और ना ही  किसी प्राइवेट चिकित्सक के यहां भेजने का नियम है। अगर उसने ऐसा किया होगा तो उसके खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
2- साड़ ने बुजुर्ग को पटक-पटककर मार डाला
कुशीनगर। जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सेमरा हर्दो गांव में खूंखार सांड़ ने सोमवार की  रात एक बुजुर्ग को पटक-पटककर मार डाला। इस दौरान वहां लोगों में भगदड़ मच गयी और कई लोग गिरकर चोटिल हो गए। खूंखार सांड़ के आतंक का खौफ सेमरा हर्दो, लक्ष्मीपुर समेत कई गांवों के लोगों में है।
करीब दो महीने पहले सांड़ सेमरा हर्दो गांव में घूमते हुए दिख रहा था। लोग पहले इस सांड़ के खूंखार होने से वाकिफ नहीं थे। एक दिन सांड ने हमला कर खेतों में काम कर रहे आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया। इनमें से अभी भी दो घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
रात में यह सांड़ गांव में न घुसे, लोग झुंड में मशाल जलाकर उसे खेतों की ओर भगा देते थे। इसके बाद यह सांड़ लक्ष्मीपुर, कचनार एवं आस-पास के पुरवों में भी विचरण करने लगा। लक्ष्मीपुर गांव में भी इसने हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया।
सोमवार की रात को यह सांड़ टहलते हुए सेमरा हर्दो गांव के समीप एक बागीचे में पहुंचा। वहां आबादी भी बसी है। बागीचे में रहे 60 वर्षीय कन्हैया मद्धेशिया को सांड़ ने पटक-पटक कर मार डाला। इससे बगल में मौजूद रहे लोगों में भगदड़ मच गयी और कई लोग भागते समय गिरकर चोटिल भी हो गए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भुवनेश्वर सिंह सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस खूंखार सांड़ को पकड़वाने की मांग की है।

 

3- दुकान में फंदे से लटकी मिली युवक की लाश

कुशीनगर। जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के भलुही चौराहे पर सुबह एक युवक की लाश उसकी ही दुकान में फंदे से लटकते मिली। आशंका जताई जा रही है कि दुकानदार की हत्या की गई है। दुकान में बर्तनों पर खून के धब्बे मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई।
कसया थाना क्षेत्र के डुमरी चुरामन छपरा गांव निवासी दिनेश मद्धेशिया ने तुर्कपट्टी क्षेत्र के ग्राम भलुही स्थित चौराहे पर चार माह पूर्व चाय की दुकान खोली थी। वह अपनी 28 वर्षीय पत्नी प्रियंका एवं दो बच्चों के साथ दुकान में ही रहता था। पत्नी का कहना है कि शनिवार को नवरात्र के प्रथम दिन वह अपने गांव चली गई। रात 10 बजे तक उसकी पति से मोबाइल पर बात हुई और इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
रविवार को दिन में कई बार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद रहा। उसे लगा कि अकेला होने के चलते उसका पति दुकान में व्यस्त होगा और इस कारण मोबाइल बंद होगा। उसे उम्मीद थी कि वह शाम को फोन करेगा, लेकिन देर रात तक मोबाइल नहीं मिला तो उसे चिंता हुई।
मंगलवार की सुबह वह दुकान पर पहुंची तो दुकान का बांस का फाटक खुला था। अंदर बल्ली से फंदे में लटकता शव मिला। इसकी जानकारी होते ही सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये। शव से आ रही बदबू से ऐसा लग रहा था कि घटना रविवार के रात की होगी। वहीं रखे बर्तनों पर खून के निशान मिले।
इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया गया है। जबकि एसओ तुर्कपट्टी तेज जगन्नाथ का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है।

4- भाजपा के संकल्प पत्र को विरोधी दलों ने बताया चुनावी पुलाव

कुशीनगर। भाजपा सरकार की तरफ से सोमवार को जारी किए गए संकल्प पत्र को विरोधी दलों ने चुनावी पुलाव बताया है। विपक्षी दलों के नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार ने पिछले लोकसभा चुनाव का घोषणा पत्र में किए गए वादों को तो पूरा नहीं किया, फिर नए घोषणा पत्र का क्या औचित्य है? वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपनी पार्टी के घोषणा पत्र को सभी वर्गों का हितैषी बताया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। वर्ष 2014 के चुनाव से पूर्व भाजपा ने जो घोषणा पत्र जारी किया था, अभी उन्हें ही पूरा नहीं कर सकी। फिर इस नए घोषणा पत्र का क्या औचित्य है।
सपा जिलाध्यक्ष मुहम्मद इलियास अंसारी ने कहा कि बीजेपी ने जनता से जो वादा किया था, उसमें एक भी पूरा नहीं किया।

भाजपा एक बार फिर लुभावना घोषणा पत्र जारी कर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश शुरू कर दी है।
बसपा जिलाध्यक्ष रमेश कुमार ने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र सिर्फ छलावा है। इसने केवल ख्वाब दिखाकर लोगों का वोट लिया और इस चुनाव में भी उसी डगर पर चल पड़ी है,

लेकिन देश की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है। भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही ने कहा कि उनकी पार्टी सबका साथ, सबका विकास का संकल्प लेकर कार्य करती है। उसका इरादा दिख भी रहा है। पिछले पांच वर्षों के कार्यकाल में भाजपा ने जनहित में जो एतिहासिक कदम उठाए।

किसान अरुण कुमार राय ने कहा कि सरकार किसानों की फसलों का दाम बढ़ाकर आय तो दोगुनी कर नहीं पाई, अब पेंशन देने की घोषणा कर अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रही है। यह केवल वोट बटोरने का हथकंडा है।
डॉ. अनिल सिन्हा ने कहा कि किसान हितों के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली इस सरकार का यह सराहनीय निर्णय है।

इससे पेंशन की परिधि में आने वाले किसानों व छोटे व्यापारियों के हितों का संरक्षण होगा। ब्याज मुक्त ऋण वरदान है।
स्वर्ण व्यापारी अनिल सोनी ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र अथवा संकल्प पत्र में लोक लुभावनी घोषणाएं कर दी जाती हैं। इसे देखकर मतदाता मतदान करता है, लेकिन बहुमत के बाद घोषणा पत्र को दरकिनार कर कार्य किए जाते हैं।

इलेक्ट्रॉनिक सामग्री विक्रेता बिंद कुमार कुशवाहा ने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में किसान और व्यापारी वर्ग को पेंशन देने वाली घोषणा सराहनीय है। यह बहुत ही अच्छा फैसला है। व्यापारियों को इससे लाभ मिलेगा।

सेवरही के गल्ला कारोबारी अजय ब्याहुत ने हर्ष जताते हुए इसे दूरगामी सोच का परिणाम बताया है। कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में सभी वर्ग को फायदा होने वाला है। खासकर युवाओं, किसानों और व्यापारियों को ज्यादा।

स्वर्ण व्यवसायी संदीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा की ओर से लगाई गई जीएसटी से थोड़ी परेशानी हुई। अब उनका व्यापार सिस्टम में आ गया है। संकल्प पत्र काबिलेतारीफ है। इससे देश के तमाम लोगों को लाभ मिलेगा।

केन यूनियन सेवरही के चेयरमैन धीरेंद्र कुमार राय ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र छोटे किसानों के लिए वरदान साबित होगा। इससे हर वर्ग को लाभ मिलेगा। यह संकल्प पत्र आम जनता के लिए बेहद लाभकारी साबित होने वाला है।
गन्ना विकास परिषद सेवरही के अध्यक्ष सुरेंद्र राय ने इसे चुनावी स्टंट बताया है। कहा कि संकल्प पत्र में जो भी बातें लिखी गईं हैं। वह पूरी तरह से चुनाव के लिए बनाई गई हैं। इससे जनता को कोई लाभ नहीं होने वाला है।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More