लॉरेंस रोड में नकली ब्रैंडेड जीन्स बनाने वाले रैकेट का भंडाफोड़, डीआईयू टीम ने 4 आरोपियों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिला इकाई ने लॉरेंस रोड औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे एक बड़े जालसाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। आरोपी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स जैसे लेवीज़, ज़ारा और सीके के नाम पर नकली जीन्स तैयार कर उन्हें असली बताकर बाजार में बेच रहे थे। पुलिस ने इस मामले में चार संचालकों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में तैयार माल व कच्चे माल को जब्त किया है।

उत्तर-पश्चिम जिले के अपर पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि डीआईयू को सूचना मिली थी कि लॉरेंस रोड की कई यूनिट्स में कॉपीराइट और ट्रेड मार्क कानूनों का उल्लंघन कर नामी ब्रांड्स के कपड़े तैयार किए जा रहे हैं। एसीपी अजय कुमार सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर सुनील कुमार और उप-निरीक्षक सुब्बा रेड्डी की विशेष टीम ने 3 फरवरी को औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस टीम ने बी-71, बी-40/2 और बी-28 जैसे विभिन्न औद्योगिक भवनों की अलग-अलग मंजिलों पर छापेमारी की। इस दौरान 2200 से अधिक लेवीज़, ज़ारा और सीके की नकली जीन्स पैंट बरामद की गईं। सिर्फ माल ही नहीं, बल्कि पुलिस ने मौके से 1200 से अधिक नकली लेदर लेबल, कॉटन लेबल, टैग और कपड़े सिलने वाली मशीनें भी बरामद की हैं।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद शादिक अनवर (21), रोशन झा (25), राजेश गुप्ता (43) और साजन कुमार (34) के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी अलग-अलग फैक्ट्रियों का संचालन कर रहे थे और उनके पास से बड़ी मात्रा में अधूरी और तैयार ब्रांडेड पैंट बरामद हुई हैं। पुलिस ने इस संबंध में थाना केशव पुरम में एफआईआर दर्ज कर धारा 103/104 ट्रेड मार्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन नकली कपड़ों की सप्लाई किन बाजारों में की जा रही थी और इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More