आंसू पोंछकर पुलिस ने जीता भरोसा: छात्रा का छीना हुआ मोबाइल बरामद, दो शातिर स्नेचर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने न केवल दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया है, बल्कि एक छात्रा के चेहरे पर मुस्कान लौटाकर ‘खाकी’ के प्रति अटूट विश्वास को भी मजबूत किया है। पुलिस ने अपनी पॉकेट मनी जोड़कर मोबाइल खरीदने वाली छात्रा से किया वादा निभाते हुए महज दो दिनों के भीतर उसका लूटा हुआ फोन बरामद कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी पुराने अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

शाहदरा जिले के डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि बीते 31 जनवरी को एक छात्रा रोते हुए थाने पहुंची थी। उसने बताया कि वह परीक्षा देने जा रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया। छात्रा का रो-रोकर बुरा हाल था, क्योंकि उसने अपनी बचत के पैसे जोड़कर वह मोबाइल खरीदा था। उसकी लाचारी देख जीटीबी एन्क्लेव पुलिस ने उसे आश्वासन दिया कि उसका मोबाइल 2 दिन में वापस मिल जाएगा और वह बिना किसी तनाव के अपनी परीक्षा दे। पुलिस ने तुरंत बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ‘क्रैक टीम’ का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में हीरो स्प्लेंडर बाइक पर दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने ‘कैमरा ट्रेलिंग’ और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपियों का पीछा किया। 3 फरवरी को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी फिर से किसी वारदात की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर राहुल पांचाल (34) और राजेश कुमार सैनी (36) को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से छात्रा का छीना हुआ ‘वीवो टी-4ई’ मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी राहुल पांचाल पर पहले से 8 और राजेश पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में हेड कांस्टेबल मनीष, मनोज, सचिन और कांस्टेबल अभिषेक शामिल रहे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More