प्रधानमंत्री मोदी जहां जाते हैं वहां सिर्फ झूठ बोलते हैं: राहुल गांधी

0
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगुदेशम पार्टी के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को राज्य को विशेष दर्जा दिलाने की मांग को लेकर एक दिन की भूख हड़ताल की। आंध्र भवन के सामने उनके धरना प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पहुंचे।
इसके अलावा सपा से मुलायम सिंह यादव, तृणमूल कांग्रेस से डेरेक ओ ब्रायन और नेशनल कॉन्फ्रेंस से फारूक अब्दुल्ला, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी धरने में पहुंचकर नायडू के प्रति समर्थन जताया।
नायडू की भूख हड़ताल शुरू होने के साथ ही तेदेपा सांसदों और विधायकों ने केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाए। इस मौके पर राहुल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “मैं आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ खड़ा हूं। प्रधानमंत्री ने आंध्र के लोगों के साथ किए वादे को पूरा नहीं किया। वे किस तरह के प्रधानमंत्री हैं? मोदी जी जहां जाते हैं वहां झूठ बोलते हैं। उनमें कोई विश्वसनीयता नहीं बची है।”
मोदी ने राजधर्म नहीं निभाया– नायडू
नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी पर राजधर्म न निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने गुजरात में 2002 के दौरान हुए दंगों पर कहा था- राज धर्म नहीं निभाया गया। अब आंध्र प्रदेश के मामले में राज धर्म का पालन नहीं किया जा रहा।” उन्होंने कहा- राज्य के लोग उन्हें कड़ा सबक सिखाएंगे।’
नायडू का दिल्ली आना संघीय ढांचे पर सवाल- केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा, ”आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और वहां के हजारों लोगों को प्रदर्शन के लिए दिल्ली आने का फैसला करना देश के संघीय ढांचे के लिए बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा, “मोदी ने सीबीआई के 40 अधिकारियों को कोलकाता पुलिस आयुक्त को गिरफ्तार करने के लिए भेजकर सभी राज्यों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को यह संदेश दिया कि उन लोगों को राज्य सरकार के प्रति नहीं केंद्र सरकार के प्रति वफादार रहना होगा।”

रविवार को आंध्र प्रदेश के गुंटूर में रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि ये (नायडू) कल फोटो खिंचवाने के लिए बड़ा हुजूम लेकर दिल्ली जाने वाले हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के पैसे से यह कार्यक्रम कर रही है। लेकिन वो आंध्र की जनता की तिजोरी से पैसे निकाल कर जा रहे हैं। आंध्र की जनता को उनसे इसका हिसाब लेना चाहिए। मेरा आग्रह होगा कि दिल्ली आने से पहले, नायडूजी आंध्र के लोगों को खर्च का हिसाब दें।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More