डबल मर्डर: बेटी से चेहरा नहीं मिलने पर की थी दोनों की हत्या, आरोपी गिरफतार

राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज आगरा

समवाददाता विष्णु कान्त शर्मा

आगरा के खंदौली के गांव पैंतखेड़ा में 9 अक्तूबर को पत्नी ममता और डेढ़ साल की बेटी सौम्या की हत्या करने के आरोपी मनमोहन को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्याकांड की बात कबूल की है। यह भी बताया कि बेटी से चेहरा नहीं मिलने पर वो पत्नी पर ज्यादा शक करने लगा था। इसलिए विवाद के बाद पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। एसपी पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी मनमोहन घटना के बाद फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी थीं। बृहस्पतिवार रात को मुखबिर की सूचना पर उसे खंदौली में एक्सप्रेस वे के इंटरचेंज के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि वह पत्नी पर डेढ़ साल से शक कर रहा था। उसे लग रहा था कि पत्नी के किसी और से संबंध हैं। आरोपी ने बताया कि बेटी पैदा होने पर शक और भी बढ़ गया। क्योंकि बेटी का चेहरा उससे नहीं मिल रहा है। इस बात पर पत्नी से आए दिन झगड़ा भी होता था। उससे कई बार पूछा भी था।

आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन झगड़ा होने पर उसने ममता का गला दबा दिया। वह बेहोश हो गई। इस दौरान बेटी जाग गई। वह रोने लगी। इस पर उसकी भी हत्या कर दी। इसके बाद पत्नी के बचने की आशंका पर कांच से उसका गला रेत दिया और भाग गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयोग किया गया कांच का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

विष्णु कान्त शर्मा संवाददाता राष्ट्रीय जजमेंट न्यूज आगरा

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More