आगरा: अंडरपास में जलभराव से फिर हुई एक युवक की मौत, प्रशासन बना मूक दर्शक

0
आगरा के नुनिहाई स्थित प्रकाश नगर अंडरपास में मंगलवार रात हुई बारिश से पांच फुट तक पानी भर गया। इसमें एक राहगीर अप्पू शर्मा की डूबकर मौत हो गई। गोताखोरों ने उसका शव निकाला। यहां बुधवार को भी वाहन फंसे रहे। बुधवार की दोपहर तक रेलवे ने जलनिकासी नहीं करवाई। इस अंडरपास में जरा सी बारिश में पानी भर जाता है। इससे नुनिहाई, प्रकाश नगर, हनुमान नगर के करीब 20 हजार लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
रेलवे के ज्यादातर अंडरपास बारिश में जलभराव के कारण मुसीबत का सबब बने हुए हैं। नुनिहाई स्थित प्रकाश नगर अंडरपास में मंगलवार की रात को हुई बारिश से जलभराव के कारण रास्ता बंद हो गया। मोहन नगर, प्रकाश नगर निवासी अप्पू शर्मा (25) रात करीब 12 बजे अंडरपास से निकलने के प्रयास में डूब गया। लोगों को इसकी जानकारी सुबह हुई तो गोताखोरों की मदद से उसका शव निकाला गया। अप्पू टेढ़ी बगिया पर ठेल लगाता था।
प्रकाश नगर अंडरपास में जलनिकासी का कोई इंतजाम रेलवे ने नहीं किया है। एक गरीब आदमी की मौत इस जलभराव से हो गई। कई बार प्रदर्शन हो चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती | अंडरपास का रास्ता जलभराव के कारण बंद हो जाता है। इससे हनुमान नगर के लोगों के सामने बड़ी समस्या होती है, क्योंकि उनका एकमात्र यही रास्ता है।
सोनू सिंह जिला संवाददाता की रिपोर्ट आगरा

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More