बरात में गए व्यापारी की सिर कूच कर हत्या, खेत में फेंका शव

0
जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में शुक्रवार की रात बरात में गए युवा व्यापारी की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। व्यापारी की ही बोलेरो में शव रखने के बाद बोलेरो को घर से कुछ दूरी पर खेत में छोड़कर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी लोगों को हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
मूल रूप से खेतासराय कस्बा निवासी अशोक कुमार (38) पुत्र रामधनी की ससुराल खुटहन थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में है। यहीं पर वह मकान बनवाकर पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। इसी मकान में अशोक जनरल स्टोर की दुकान और पत्नी रिशु ब्यूटी पार्लर चलाती है। मृतक की पत्नी रीशू देवी ने बताया कि शुक्रवार की रात लगभग आठ बजे अशोक घर से जफराबाद एक बरात में शामिल होने की बात कहकर अपनी बोलेरो खुद चलाते हुए निकले थे। इसके बाद वह नहीं लौटे।
सुबह बगल के गांव महमदपुर में इमामपुर मार्ग पर खेत में खड़ी बोलेरो में अशोक का शव पाया गया। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त के बाद सूचना पुलिस और परिजनों को दी। शव की स्थिति देख सिर पर किसी वजनी वस्तु से प्रहार कर हत्या की बात स्पष्ट हो रही है।
परिजनों ने किसी से भी रंजिश से इंकार किया है। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि शव कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है। मृतक के मोबाइल नंबर से कॉल डिटेल निकलवाया जा रहा है।

 

रिपोर्ट- कुंवर अंकित सिंह जौनपुर

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More