UP कोरोना अपडेट: कुल 3777 संक्रमित, मुंबई से बस्ती लौटे श्रमिकों में से चार संक्रमित

0
RASHTRIYA JUDGEMENT-उत्तर प्रदेश:
मेरठ में कोरोना से दो और मौत, 17 हुई संख्या
मेरठ में कोरोना से दो और लोगों की मौत हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। आज मरने वालों में ईश्वरपूरी की फूल मंडी निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग थे, जिनका 11 मई से लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। रात दो बजे हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। वहीं दूसरा मृतक अहमदनगर निवासी 22 वर्षीय युवक है, जिसे एक मई को दिल्ली रेफर किया गया था। वह लोकनायक अस्पताल में भर्ती था।
मुरादाबाद में दो नए मामले
मुरादाबाद में दो नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। दोनों ही मरीज लाल बाग इलाके के रहने वाले हैं।
संतकबीरनगर में 22 वर्षीय युवक संक्रमित
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में मुठही खुर्द के संक्रमित युवक के साथ मुंबई से लौटा पौली का 22 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला। वहीं, मुठही के संक्रमित युवक की पत्नी और साले समेत 12 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसकी पुष्टी सीएमओ डॉक्टर हर गोविंद सिंह ने की है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 35 हो गई है। इनमें से एक की मौत हो चुकी है।
महोबा के संक्रमित युवक की इलाज के दौरान मौत
झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कोरोना संक्रमित महोबा के युवक की मौत हो गई। हालात गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों ने बताया कि सुभाषनगर निवासी 35 वर्षीय युवक को 10 मई को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। वह लिवर फेल होने जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था। गुरुवार को उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
सिद्धार्थनगर में चार नए मरीज
सिद्धार्थनगर जिले में बीते 24 घंटे में आठ नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इससे जिले में हड़कंप मच गया है। गुरुवार सुबह आई रिपोर्ट में मुंबई से आए चार लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसकी पुष्टी सीएमओ सीमा राय ने की है। यहां अब कुल मरीजों की संख्या 32 हो गई है।
गाजीपुर में मिले चार नए मरीज
गाजीपुर जिले में लगातार दूसरे दिन भी कोरोना वायरस के मरीज मिले हैं। गुरुवार को चार लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि दिल्ली से लौटे एक और मुंबई से लौटे तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। जिले में अब कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इसमें से छह लोग ठीक हो चुके हैं और आठ का इलाज चल रहा है।
मुंबई से बस्ती लौटे श्रमिकों में से चार संक्रमित
मुंबई से बस्ती आए श्रमिकों में से चार लोग फिर कोरोना संक्रमित पाए गए। बस्ती जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। इनमें से 22 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं, जबकि एक की मौत हो गई है। अब जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 23 हो गई है।
राजस्थान से कामगारों को लेकर बरेली पहुंची ट्रेन
राजस्थान के जालौर से 762 कामगारों को लेकर चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन आज सुबह आठ बजे बरेली जंक्शन पहुंची। सभी को ट्रेन से उतारकर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद बसों से घर भेजा गया। इसके बाद स्पेशल ट्रेन को गोरखपुर रवाना किया गया।
कन्नौज के चार और लोग संक्रमित
कन्नौज जिले में आज चार और पॉजिटिव केस सामने आए हैं। ये सभी लोग मुंबई से लौटे थे। दो कोरोना पॉजिटिव छिबरामऊ के कपूरपुर के और दो कन्नौज शहर के रहने वाले हैं। दोनों इलाकों को सील कर दिया गया है। कन्नौज जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 23 हो गई है। इनमें से सात ठीक होकर घर जा चुके हैं।
केजीएमयू में 28 की रिपोर्ट पॉजिटिव
लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में बुधवार को 982 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से गुरुवार को 28 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More