अयोध्या: ग्राम प्रधान की हत्या के बाद समर्थकों ने आरोपियों के घर फूंके; चौकी इंचार्ज सस्पेंड
अयोध्या। इनायतनगर थाना इलाके के हल्ले द्वारिकापुर गांव के प्रधान देवशरण यादव की हत्या के बाद सोमवार रात उनके समर्थकों ने आरोपितों के घरों में आग लगा दिया और
मौके पर जमकर तांडव मचाया। जिससे समूचा गांव पलायन कर गया है। सिर्फ कुछ मवेशी रह गए हैं। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स लगी है।
वहीं, मामले में शिथिलता के आरोप में चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही चौकी के सभी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
48 वर्षीय ग्राम प्रधान देव शरण यादव सोमवार की शाम करीब 7 बजे कुचेरा बाजार की तरफ से शाहगंज कुचेरा मार्ग पर अपने साथी सतीश शुक्ला व
अर्जुन यादव के साथ बाइक से घर जा रहे थे। वह हल्ले द्वारिकापुर तिराहा स्थित ईश्वर दत्त मिश्रा उर्फ दाढ़ी पंडित के
आवास के ठीक सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से पहुंचे बाइक सवार तीन युवकों ने ग्राम प्रधान पर ताबड़तोड़ गोली चला दी।
ग्राम प्रधान गोली लगने के बाद भी बाइक चलाते हुए किसी तरह अपने गांव के करीब पहुंच गए और वहीं गिर पड़े। जहां उनकी मौत हो गई। प्रधान के साथ बाइक पर बैठा उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हत्याकांड के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया तो उनके परिजनों ने शाहगंज-बारून रोड पर जाम लगा दिया। वहीं, प्रधान समर्थकों ने आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दिया।
सूचना पाकर तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ग्राम प्रधान के शव का अंतिम संस्कार कराने में जुटी है। परिजनों अनुसार सोमवार सुबह प्रधान ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में नामजद तहरीर दी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एसके सिंह ने बताया कि, ग्राम प्रधान एक रोड बनवा रहे थे। जिसके लिए उन्होंने ग्राम समाज की भूमि की पैमाइश कराई थी।
लेकिन दूसरे पक्ष का दावा था कि, वह भूमि उनके बाग का हिस्सा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश थी। उन्होंने कहा कि,
प्रधान ने हत्या की शंका जताते हुए तहरीर दी थी। वहीं, वारदात के बाद गांव में आगजनी की गई। यह सरासर स्थानीय पुलिस की लापरवाही है।
बारून चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही सभी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
गांव में हालात अब नियंत्रण में हैं। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।