महराजगंज: प्रियंका गांधी ने पूछा- क्या आप पहले की तरह चुनावी जुमलों पर विश्वास करेंगे ?

0
महाराजगंज। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने पिछले चुनाव में कहा था कि सबके खातों में 15 लाख रुपए जमा हो जाएंगे लेकिन उनकी ही पार्टी के अध्यक्ष ने चुनाव के बाद कह दिया कि वह तो चुनावी जुमला था। क्या आप उनपर दोबारा भरोसा करेंगे?

महराजगंज

प्रियंका गांधी गुरुवार को गणेश शंकर विद्यार्थी स्माकर इंटर कालेज परिसर में पार्टी प्रत्याशी सुप्रिया श्रीनेत के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने बेहद सहज भाव से भाजपा पर तीखा हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि भाजपा मजबूत नहीं मगरूर सरकार है।
पश्चिम बंगाल में अराजकता फैलाकर महापुरूषों की मूर्तियां तोड़ी गई। जनता डरी हुई है। अराजकता से शक्ति नहीं बढ़ती है। असल शक्ति जनता को मजबूत करने से होती है। जब जनता शक्तिशाली होगी तो ही देश मजबूत बनेगा।
धर्म और जाति के नाम पर आखिर भाजपा कब तक लोगों को गुमराह करेगी। चुनाव आयोग को कमजोर कर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। यह कहना है कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का।
उन्होंने कहा कि देश में एक ऐसी सरकार है, जो हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को लगातार कमजोर करती जा रही है। 56 इंच का सीना ताने रहने वाले प्रधानमंत्री देश के किसानों मजदूरों और नौजवानों को अपने पांच साल के विकास कार्यों का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं।
मंच से किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बात कहने वाले मोदी दिल्ली पहुंचने पर किसानों से मिलने तक नहीं आए और बिरयानी खाने पाकिस्तान पहुंच गए। वह कहते हैं कि भाजपा सरकार मजबूत है, लेकिन मैं कहती हूं कि मोदी सरकार कमजोर और मगरूर है।
नोटबंदी और जीएसटी के चलते देश के हजारो छोटे उद्योग धंधे बंद होने से पांच लाख लोगों की रोजी रोटी छिन गई। शहर से निराश हो जब लोग गांव लौटे तो यहां मनरेगा में भी रोजगार नहीं मिला। प्रचार मंत्री बने प्रधानमंत्री देशभर में जाति धर्म और मजहब के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
कांग्रेस देश में एक ऐसी सरकार बनाना चाहती है जो सबके साथ न्याय करे। जिसका आधार सच्चाई और न्याय हो, जो लोगों को आपस में लड़ाने के बजाय उन्हें तरक्की के रास्ते पर आगे ले जाये।

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More