त्रिलोकपुरी चर्च के पास महिला से मोबाइल छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने दबोचे दो शातिर, बाइक व वीवो फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के ईस्ट जिले की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गरली सेल ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी और पेशेवर तफ्तीश का परिचय देते हुए कल्यानपुरी थाना क्षेत्र में हुई मोबाइल झपटमारी और उत्तर-पूर्वी जिले के जाफराबाद थाने से हुई मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का सफल खुलासा किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक शातिर झपटमार और कानून का उल्लंघन करने वाले एक किशोर को दबोचा है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान उस्मान (23) निवासी वेस्ट विनोद नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चोरी की एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, झपटमारी का एक वीवो मोबाइल फोन और मुख्य आरोपी उस्मान द्वारा वारदात के समय पहनी गई शर्ट बरामद की है। इस प्रभावी कार्रवाई से पूर्वी दिल्ली के दो अलग-अलग थानों के मामले पूरी तरह सुलझ गए हैं।

ईस्ट जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 11 अप्रैल को दोपहर करीब 2:30 बजे, त्रिलोकपुरी निवासी सर्वेश्वरी नामक महिला जब त्रिलोकपुरी के 13 ब्लॉक स्थित चर्च के मुख्य गेट के पास पहुंची थीं, तभी मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लड़कों ने उनके हाथ से सैमसंग मोबाइल फोन झपटा और तेजी से फरार हो गए। पीड़िता के बयान पर कल्यानपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)/3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ईस्ट जिले के एसीपी (ऑपरेशन्स) पवन कुमार के करीबी पर्यवेक्षण में एंटी स्नैचिंग सेल के इंचार्ज सब-इस्पेक्टर अजय तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सब-इंस्पेक्टर सुधीर कुमार, हेड कांस्टेबल मनेंद्र, सुबोध, अमित कसाना और कांस्टेबल मोरध्वज शामिल थे।

जांच टीम ने तुरंत ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड शुरू किया और घटनास्थल व उसके आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के बारीक विश्लेषण से पुलिस टीम ने वारदात में इस्तेमाल काले रंग की हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल की पहचान की। जब इस नंबर का सत्यापन किया गया, तो पता चला कि यह बाइक मौजपुर निवासी दिव्य आहूजा के नाम पर है, जिसने पुलिस को बताया कि उसकी बाइक पहले ही चोरी हो चुकी है। इस संबंध में उत्तर-पूर्वी जिले के जाफराबाद थाने में ई-एफआईआर दर्ज पाई गई।

इसके बाद, पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज से बाइक चला रहे आरोपी का चेहरा विकसित किया और तकनीकी सर्विलांस व स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। हेड कांस्टेबल अमित कसाना को एक सटीक गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर मुख्य आरोपी उस्मान को धर दबोचा। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी ने वही शर्ट पहन रखी थी, जो सीसीटीवी फुटेज में वारदात के समय दिखाई दे रही थी। उस्मान की निशानदेही पर चोरी की हीरो एक्सट्रीम बाइक बरामद की गई और उसके बाद वारदात में शामिल नाबालिग को भी पकड़ लिया गया।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी उस्मान ने अपना जुर्म कबूल किया और उसकी निशानदेही पर शशि गार्डन इलाके से छीना गया एक अन्य वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। उस्मान ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि त्रिलोकपुरी चर्च के पास से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन उन्होंने कुणाल शर्मा नाम के एक रिसीवर को बेच दिया था, जो वर्तमान में मधु विहार थाने के चेन स्नैचिंग के एक अन्य मामले में मंडोली जेल में बंद है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 23 वर्षीय आरोपी उस्मान आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखता है और कम समय में आसान पैसा कमाने व अपने ऐश-ओ-आराम के लिए झपटमारी की दुनिया में उतरा था। वह पहले भी हत्या के प्रयास और झपटमारी जैसी 3 गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुका है। ईस्ट जिला पुलिस अब मंडोली जेल में बंद कुणाल शर्मा को रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है ताकि लूटा गया सैमसंग फोन भी बरामद किया जा सके और इस गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More