सोशल मीडिया पर हथियार चमकाना पड़ा भारी, बुराड़ी थाना पुलिस ने रील बनाने वाले एक नाबालिग को दबोचा; देसी कट्टा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिले की बुराड़ी थाना पुलिस टीम ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने और फॉलोअर्स बढ़ाने वाले तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इंस्टाग्राम पर देसी कट्टे के साथ रील अपलोड करने वाले एक नाबालिग को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए नाबालिग दिल्ली का ही रहने वाला है। पुलिस टीम ने आरोपी किशोर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है। इस कार्रवाई से सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर रील बनाने वाले अपराधियों को सख्त संदेश दिया गया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले और रील बनाने वाले सक्रिय अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुराड़ी सब-डिवाइजन के एसीपी शशिकांत गौर के मार्गदर्शन और बुराड़ी के एसएचओ इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र रतुड़ी के पर्यवेक्षण में एक समर्पित टीम का गठन किया गया था। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर विकास फगेरिया, प्रोबेशनरी सब-इंस्पेक्टर प्रशांत, हेड कांस्टेबल कुश, कांस्टेबल उत्तम, दीपक और बिप्लब शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक लड़के ने इंस्टाग्राम पर देसी कट्टा लहराते हुए कई वीडियो और रील्स पोस्ट की हैं। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए कई दिनों तक लगातार प्रयास किए, लेकिन वह अपने ठिकाने बदल-बदल कर फरार चल रहा था। इसके बाद टीम ने अपने गुप्त सूत्रों को सक्रिय किया और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाई। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद 13-14 मई की दरमियानी रात को पुख्ता सूचना मिली कि वह लड़का सुंदर विहार, बुराड़ी में गौशाला के पास पुश्ता रोड पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर घेराबंदी की और उस किशोर को सफलतापूर्वक दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से वही देसी कट्टा बरामद हो गया जो वीडियो में दिख रहा था।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए किशोर ने खुलासा किया कि उसने यह देसी कट्टा करीब 10 दिन पहले उत्तर प्रदेश के हाथरस में रहने वाले अपने एक दोस्त से लिया था। कट्टा हाथ में आते ही उसने लोगों और अपने फॉलोअर्स पर रौब झाड़ने के लिए इसके साथ रील्स बनानी शुरू कर दीं और उन्हें धड़ल्ले से इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 16 वर्षीय यह किशोर केवल प्राथमिक स्तर तक पढ़ा है और इसके पिता दिल्ली के स्वरूप नगर थाने के घोषित हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस अब इस मामले में हथियार सप्लाई करने वाले हाथरस के उस मुख्य स्रोत का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए आगे के कड़ियों को जोड़ रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More