थप्पड़ का बदला लेने के लिए साडू को उतारा मौत के घाट, वजीराबाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिले की वजीराबाद थाना पुलिस टीम ने एक सनसनीखेज कत्ल के मामले का महज कुछ ही घंटों के भीतर भंडाफोड़ करते हुए मृतक के सगे साडू को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव महादेव गंज, बरबीघा, शेखपुरा, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में छावला, दिल्ली में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को उस समय दबोचा जब वह भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया भारी पत्थर, मृतक को घटना स्थल तक ले जाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी और वारदात के वक्त आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। इस त्वरित कार्रवाई से वजीराबाद थाने में दर्ज हत्या के एक संगीन मामले का सफल खुलासा हुआ है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बंठिया ने बताया कि 13 मई को सुबह करीब 10:40 बजे वजीराबाद थाने में सूचना मिली कि बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास पाइपलाइन के पास एक गड्ढे में एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शव आंशिक रूप से सड़ चुका था और उस पर चोट के गहरे निशान थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक महिला ने भीड़ देखकर शव को देखा और उसकी पहचान अपने देवर राजा कुमार निवासी हरदेव नगर, झरोदा माजरा के रूप में की। शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए एएए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया।

इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी बबीता का बयान दर्ज किया। बबीता ने बताया कि उसकी बहन सपना का उसके पति जितेंद्र कुमार के साथ लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था और सपना पिछले एक महीने से हरदेव नगर में बबीता के घर पर ही रह रही थी। 10 मई की देर शाम जितेंद्र अपनी पत्नी सपना से मिलने आया था, जहां दोनों के बीच बहस होने लगी। बीच-बचाव के दौरान मृतक राजा कुमार ने जितेंद्र को एक थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद जितेंद्र ने अपनी गलती मान ली। जितेंद्र के पैर में चोट लगी थी, इसलिए राजा कुमार उसे छोड़ने बुराड़ी मेट्रो स्टेशन तक गया, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। बबीता ने 11 मई की शाम को वजीराबाद थाने में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। लाश मिलने और बबीता के बयान के आधार पर वजीराबाद थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बुराड़ी के एसीपी शशिकांत गौर के मार्गदर्शन और वजीराबाद के एसएचओ इंस्पेक्टर कुमार प्रशांत आनंद के पर्यवेक्षण में कानून-व्यवस्था प्रभारी इंस्पेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर सरताज खान, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, मनोज, जलदीप, लोकेंद्र और कांस्टेबल गौरव उज्ज्वल शामिल थे। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जितेंद्र कुमार झगड़े के बाद मृतक को अपनी स्कूटी पर ले गया था और दोनों को आखिरी बार एक साथ देखा गया था। यह भी सामने आया कि जितेंद्र ने शिकायतकर्ता बबीता को फोन पर धमकी भरे मैसेज भेजे और उसके बाद अपना मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया।

पुलिस टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों और किराए के मकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। लगातार दबाव के कारण आखिरकार 14 मई की अलसुबह पुलिस टीम ने आरोपी जितेंद्र कुमार को सीसी रोड, बुराड़ी स्थित गौशाला के पास से दबोच लिया।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी जितेंद्र कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपने घरेलू मामलों में साडू राजा कुमार और उसके परिवार के हस्तक्षेप से बेहद परेशान था। 10 मई को हुए झगड़े में राजा कुमार द्वारा थप्पड़ मारे जाने से वह खुद को बेहद अपमानित और गुस्से में महसूस कर रहा था। इसी का बदला लेने के लिए वह राजा कुमार को शराब पिलाने के बहाने बुराड़ी मेट्रो स्टेशन के पास एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां उसने राजा के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए शव को पाइपलाइन के पास गहरे गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बुराड़ी ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के पास से स्कूटी और हत्या में इस्तेमाल पत्थर बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More