पुलिस ने जीपीएस ट्रैकिंग की मदद से महज कुछ ही घंटों में दबोचा शातिर चोर, चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की रणजीत नगर थाना पुलिस टीम ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाई जा रही विशेष रात्रिकालीन गश्त के दौरान एक शातिर वाहन चोर को वारदात के महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जवाहर (20) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दरभंगा, बिहार का रहने वाला है। पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल टीम ने मुस्तैदी और आधुनिक जीपीएस तकनीक का इस्तेमाल करते हुए आरोपी को करोल बाग मेट्रो स्टेशन के पास से दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़ित की चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी को पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस त्वरित कार्रवाई से रणजीत नगर थाने में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि बताया कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रात के समय होने वाले अपराधों को रोकने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में समर्पित गश्ती टीमों को तैनात किया गया है। इसी कड़ी में 17-18 मई की दरमियानी रात को रणजीत नगर थाने की ईआरवी टीम पटेल नगर मेट्रो स्टेशन के पास रुटीन गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान एक पीड़ित युवक ने गश्ती टीम से संपर्क किया और बताया कि वह रैपिडो में डिलीवरी एजेंट के रूप में काम करता है। उसने अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी को पटेल नगर मेट्रो स्टेशन के पास ‘वाओ मोमो’ आउटलेट के बाहर खड़ा किया था और जब वह ऑर्डर लेकर वापस लौटा, तो उसकी स्कूटी वहां से गायब थी।

शिकायत मिलते ही ईआरवी टीम में तैनात एएसआई आदेश धामा और कांस्टेबल विक्रम ने बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई शुरू की। पीड़ित ने बताया कि उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटी में जीपीएस सिस्टम लगा हुआ है। पुलिस टीम ने तुरंत जीपीएस लोकेशन को ट्रैक करना शुरू किया और स्कूटी की बदलती लोकेशन के आधार पर उसका पीछा किया।

जीपीएस लोकेशन का पीछा करते हुए पुलिस टीम जब करोल बाग मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची, तो वहां स्कूटी लेकर भाग रहा आरोपी पुलिस टीम को अपने पीछे देखकर घबरा गया। हड़बड़ाहट में आरोपी ने स्कूटी पर से अपना संतुलन खो दिया और वह गिर पड़ा। अलर्ट पुलिस टीम ने बिना मौका गंवाए फुर्ती दिखाई और आरोपी मोहम्मद जवाहर को मौके पर ही धर दबोचा। पुलिस ने मौके से ही चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया।

इस संबंध में रणजीत नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317/305(b) के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 20 वर्षीय आरोपी बिहार से आकर दिल्ली में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह दिल्ली के किसी अन्य वाहन चोर गिरोह से जुड़ा हुआ है या उसने पहले भी इस तरह की चोरियों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More