AATS ने दो अंतरराज्यीय शातिर लुटेरों व वाहन चोरों को दबोचा; चोरी की 6 मोटरसाइकिलें और 5 मोबाइल फोन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड टीम ने स्ट्रीट क्राइम और वाहन चोरी की वारदातों पर कड़ा प्रहार करते हुए दो बेहद शातिर अंतरराज्यीय लुटेरों व वाहन चोरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज उर्फ विनय उर्फ टीलू (35) और अनुराग उर्फ अंकित (35) के रूप में हुई है, जो गाजीपुर के राजबीर कॉलोनी के रहने वाले हैं। इनमें से आरोपी मनोज गाजीपुर थाने का घोषित बैड कैरेक्टर है, जिसका पिछले 15 सालों से लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस टीम ने इनके पास से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें और विभिन्न इलाकों से लूटे व छीने गए 5 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस प्रभावी कार्रवाई से दिल्ली के पूर्वी जिले के 11 और उत्तर प्रदेश के नोएडा का 1 मामला सहित कुल 12 संगीन आपराधिक मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है।

पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार नेबताया कि इलाके में झपटमारी, लूट और वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऑपरेशंस के एसीपी पवन कुमार के करीबी पर्यवेक्षण और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में एक जांबाज टीम का गठन किया गया। इस टीम में सब-इंस्पेक्टर विक्रम सिंह, एएसआई दीपक त्यागी, एएसआई अजय, हेड कांस्टेबल कृष्ण, अश्वनी और महिला कांस्टेबल तमन्ना शामिल थीं। टीम लगातार तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय कर अपराधियों पर नजर रख रही थी।

जांच के दौरान 19 मई को पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर न्यू अशोक नगर इलाके में आने वाले हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए एएटीएस की टीम ने तत्काल रणनीतिक जाल बिछाया। इसी दौरान पुलिस को एक बिना नंबर वाली काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को सामने देख आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए संक्षिप्त पीछा करने के बाद दोनों को धर दबोचा।

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मनोज उर्फ टीलू और अनुराग के रूप में बताई। जब पुलिस ने उस मोटरसाइकिल की जांच की तो वह मंडावली थाने में दर्ज ई-एफआईआर के तहत चोरी की पाई गई। पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गौशाला रोड, घड़ोली के पास छुपाकर रखे गए 4 और चोरी के मोटरसाइकिल, 1 होंडा एक्टिवा स्कूटी और 5 छीने गए मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों में से एक वीवो फोन हाल ही में नोएडा के सेक्टर-24 इलाके से छीना गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मनोज उर्फ टीलू एक आदतन अपराधी है और वह पिछले 15 वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय है। उसके खिलाफ पहले से लूट, झपटमारी और वाहन चोरी के 12 से अधिक मामले दर्ज हैं और वह गाजीपुर थाने का ‘बैड कैरेक्टर’ घोषित है। वहीं दूसरा आरोपी अनुराग उर्फ अंकित पेशे से ई-रिक्शा चलाता है, जो शराब की लत और पैसों की हवस के चक्कर में मनोज के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देने लगा था। इस गिरफ्तारी से लक्ष्मी नगर, मधु विहार, कल्याणपुरी, न्यू अशोक नगर और प्रीत विहार थानों में दर्ज मामलों को सुलझा लिया गया है। पुलिस अब इन आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट से जुड़े अन्य साथियों और चोरी के सामान को खरीदने वाले रिसीवर्स का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More