ANS ने अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का किया भंडाफोड़; बरेली के मुख्य सप्लायर समेत 3 गिरफ्तार, 25 लाख की स्मैक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला पुलिस के एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने ‘नशामुक्त समाज’ अभियान और ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के बरेली आधारित मुख्य सोर्स समेत तीन शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वेश (22) निवासी शाहजहाँपुर, साहिल (24) निवासी मुकुंदपुर, भालस्वा डेयरी और मुख्य सोर्स अबरार (40) निवासी बरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 25 लाख रुपये कीमत की 195.56 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके साथ ही नशीले पदार्थों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक यामाहा स्कूटी को भी जब्त किया गया है। इस प्रभावी कार्रवाई से गाजीपुर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले का पूरी तरह खुलासा हुआ है।

पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि इलाके में ड्रग तस्करों, सप्लायरों और करियरों पर नकेल कसने के लिए एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड को विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में ऑपरेशंस के एसीपी पवन कुमार के मार्गदर्शन और एएनएस प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सब-इंस्पेक्टर राहुल, विकास, एएसआई अरुण, हेड कांस्टेबल अशोक, देवेश, विक्रांत, महिला हेड कांस्टेबल अनामिका और कांस्टेबल कौशल शामिल थे। टीम ने स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय कर खुफिया जानकारी जुटाना शुरू किया था।

जांच के दौरान 14-15 मई की दरमियानी रात को टीम को गुप्त सूचना मिली कि सर्वेश नाम का एक व्यक्ति स्मैक की बड़ी खेप लेकर गाजीपुर डंपिंग यार्ड से मुर्गा मंडी जाने वाली सड़क पर किसी को सप्लाई देने आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने डंपिंग यार्ड के पास रणनीतिक जाल बिछाकर सर्वेश को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 73.11 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद गाजीपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/61/85 के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अदालत से पुलिस रिमांड मिलने के बाद जब सर्वेश से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि वह यह स्मैक बरेली के अबरार से लाता है और दिल्ली के जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास मुकुंदपुर निवासी साहिल को सप्लाई करने वाला था। इस जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास जाल बिछाया और सर्वेश की निशानदेही पर ड्रग पेडलर साहिल को उसकी यामाहा स्कूटी के साथ दबोच लिया। साहिल की तलाशी में उसके पास से 92.45 ग्राम स्मैक और बरामद हुई।

पूछताछ में यह साफ हो गया कि जब तक ड्रग्स के मुख्य सोर्स को नहीं पकड़ा जाता, तब तक दिल्ली में इसकी आवक बंद नहीं होगी। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में कई जगह छापेमारी की। आखिरकार पुलिस टीम ने सर्वेश की निशानदेही पर बरेली के बदायूं-बरेली रोड पर स्थित भमोरा गांव के पास से मुख्य सोर्स अबरार को भी धर दबोचा, जिसके पास से 30 ग्राम स्मैक और बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी साहिल ने बताया कि वह खुद स्मैक पीने का आदी था और इसी चक्कर में वह यूपी के सर्वेश के संपर्क में आया। शुरुआत में वह छोटे पाउच खरीदकर दिल्ली में बेचता था, जिसके लिए वह पहले भी एक एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार हो चुका है। कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के लालच में वह सर्वेश से थोक में स्मैक मंगाकर महंगे दामों पर दिल्ली-एनसीआर में बेचने लगा। यह पूरा नेटवर्क शहरी इलाकों में नशे की लत से पीड़ित युवाओं को निशाना बनाकर आर्थिक लाभ कमा रहा था। पूर्वी जिला पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे नशामुक्त समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना गुप्त रूप से पुलिस से साझा करें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More