द्वारका पुलिस ने दो शराब तस्करों को पीछा करके दबोचा, दो कारें और 3850 क्वार्टर अवैध शराब जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ और एंटी नारकोटिक्स सेल की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से अवैध शराब माफियाओं और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग सफल ऑपरेशन्स को अंजाम देते हुए दो शातिर शराब तस्करों को पीछा करके गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र (25 वर्ष) निवासी रोहतक (हरियाणा) और अमन (22 वर्ष) निवासी झिलमिल, शाहदरा (दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 3850 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें भी जब्त की गई हैं। इस कार्रवाई के बाद नजफगढ़ थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए “नशे पर लगाम, देश को सलाम !!” नाम से एक विशेष फ्लैगशिप प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल और स्पेशल स्टाफ की टीमों को अवैध शराब की तस्करी करने वाले आदतन अपराधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए एसीपी (ऑपरेशंस सेल) सुभाष मलिक के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल प्रदीप, सुधीर, जयराम, जितेंद्र यादव, जयभगवान, विकास, गोपाल यादव और कांस्टेबल लोकेश, जयभगवान तथा मुकेश शामिल थे।

तय रणनीति के तहत निगरानी करते हुए, एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने यूएईआर डिक्शन डिपो के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया। चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन अलर्ट स्टाफ ने बहादुरी से पीछा करते हुए गाड़ी को रोक लिया और आरोपी धर्मेंद्र को धर दबोचा। कार की सघन तलाशी लेने पर उसके भीतर छुपाकर रखे गए कुल 2500 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। इस संबंध में नजफगढ़ थाने में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी धर्मेंद्र हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है।

इसी तरह दूसरे ऑपरेशन में स्पेशल स्टाफ की टीम ने नजफगढ़ के साईं बाबा मंदिर के पास जाल बिछाया। टीम ने वहां से एक अन्य कार को रोका और चालक को काबू किया, जिसकी पहचान अमन के रूप में हुई। जब कार की तलाशी ली गई, तो उसमें से कुल 1350 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद नजफगढ़ थाने में आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी अमन को गिरफ्तार कर लिया गया और गाड़ी जब्त कर ली गई। आरोपी अमन शाहदरा के झिलमिल इलाके का रहने वाला है।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि दोनों आरोपी केवल 10वीं कक्षा तक पढ़े हैं। आरोपी अमन ने बताया कि उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है, जिसके बाद शॉर्टकट तरीके से आसानी से ज्यादा पैसे कमाने के लालच में वह अवैध शराब की तस्करी और सप्लाई के इस धंधे में शामिल हो गया था। पुलिस ने दोनों ऑपरेशन्स से जुड़े कुल 3850 क्वार्टर शराब और दोनों कारों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे यह शराब कहां से लाते थे और दिल्ली में उनके इस नेटवर्क से और कौन-कौन से सप्लायर जुड़े हैं, ताकि पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जा सके। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More