सीआर पार्क में महिला से मोबाइल छीनने वाला शातिर स्नैचर गिरफ्तार, चोरी के 6 मोबाइल और बाइक जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के साउथ जिले की एएटीएस पुलिस टीम ने स्ट्रीट क्राइम और मोबाइल झपटमारी की वारदातों पर कड़ा प्रहार करते हुए एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश पुत्र स्वर्गीय हरकेश (20 वर्ष), निवासी संगम विहार, नई दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के 6 मोबाइल फोन और वारदातों में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई से पुलिस ने सीआर पार्क, महरौली, साकेत, फतेहपुर बेरी और आंबेडकर नगर थानों में दर्ज चोरी व झपटमारी के 7 अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा किया है।

साउथ जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि सीआर पार्क के जी-ब्लॉक इलाके में रहने वाली महिला युविका वाधवा से मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात बदमाश ने मोबाइल फोन झपट लिया था और फरार हो गया था। इस शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सीआर पार्क थाने में बीएनएस की धारा 304(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए एएटीएस के इंचार्ज इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सब-इंस्पेक्टर साजिद हुसैन, एएसआई रविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल कमल प्रकाश, हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र और कांस्टेबल अरविंद को शामिल किया गया। यह पूरा ऑपरेशन एडिशनल डीसीपी (ऑपरेशंस) अरविंद कुमार के करीबी पर्यवेक्षण में चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीक विश्लेषण किया। फुटेज में एक संदिग्ध युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर डिफेक्टिव नंबर प्लेट वाली हीरो स्प्लेंडर बाइक पर वारदात को अंजाम देता नजर आया। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी ट्रेल का पीछा करते हुए आरोपी को संगम विहार इलाके तक ट्रैक किया, जहां उसकी पहचान आकाश के रूप में हुई। 17 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी चोरी के मोबाइल बेचने के इरादे से खिड़की विलेज के नाला रोड के पास आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने नाला रोड पर रणनीतिक जाल बिछाया और बाइक पर सवार होकर पहुंचे आरोपी आकाश को धर दबोचा।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से विभिन्न कंपनियों के 6 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच करने पर ये सभी फोन दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज ई-एफआईआर और चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने सीआर पार्क वाले मामले का मोबाइल फोन संगम विहार के रहने वाले बंटी नाम के एक व्यक्ति को बेच दिया है। पुलिस अब चोरी का माल खरीदने वाले बंटी को गिरफ्तार करने और वह मोबाइल बरामद करने के लिए छापेमारी कर रही है।

आरोपी का तरीका यह था कि वह भीड़भाड़ वाले इलाकों में बेपरवाह चल रहे पैदल यात्रियों को निशाना बनाता था और पलक झपकते ही मोबाइल छीनकर भाग जाता था। पहचान छुपाने के लिए वह हमेशा चेहरे पर कपड़ा बांधता था और बिना नंबर या खराब नंबर प्लेट वाली बाइक का इस्तेमाल करता था। आरोपी आकाश नशे का आदी है और अपनी इसी लत को पूरा करने के लिए उसने छोटी उम्र में ही स्नैचिंग और चोरी के धंधे को अपना लिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More