चोरी की स्कूटी और बाइक से करता था झपटमारी; जीटीबी एन्क्लेव पुलिस ने पकड़े, स्कूटी और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला की जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने वाहन चोरी और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष ‘क्रैक टीम’ ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चुराने और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले एक बेहद सक्रिय और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और झपटमारी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लाम उर्फ सोनू (30 वर्ष), निवासी गोकुलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी से वाहन चोरी और स्नैचिंग के कुल 12 मामलों को सुलझा लिया गया है।

शाहदरा जिला के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि इलाके में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जीटीबी एन्क्लेव थाने की एक विशेष टीम गठित की गई थी। 15 मई को एएसआई कर्मवीर, हेड कांस्टेबल मोहित मलिक, सुधीर, रोहित, मनीष और सुधीर यादव की टीम जीटीबी अस्पताल रेड लाइट के पास गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को एक गुप्त मुखबिर से सूचना मिली कि ‘इस्लाम उर्फ सोनू’ नाम का एक नामी वाहन चोर चोरी के दोपहिया वाहनों के साथ इलाके में घूम रहा है, जिनका इस्तेमाल वह मोबाइल झपटमारी के लिए करता है।

सूचना मिलते ही जीटीबी एन्क्लेव के एटीओ इंस्पेक्टर अश्वनी अंबरिया के नेतृत्व में एक टीम तैयार की गई और ताहिरपुर स्थित एमसीडी कार्यालय के पास सर्विस रोड पर बैरिकेड्स लगाकर चेकिंग शुरू की गई। रात करीब 10:05 बजे एलबीएस अस्पताल की तरफ से टीवीएस जुपिटर स्कूटी पर सवार होकर आ रहे एक संदिग्ध को मुखबिर के इशारे पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

पकड़ा गया आरोपी स्कूटी के मालिकाना हक के दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जब पुलिस ने वाहन का सत्यापन किया, तो पता चला कि उक्त टीवीएस जुपिटर स्कूटी बीते 14 अप्रैल को न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र से चुराई गई थी, जिसके संबंध में ई-प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक वीवो वाई-21 मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जो जीटीबी एन्क्लेव थाने में दर्ज चोरी के एक मुकदमे से जुड़ा हुआ पाया गया।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी इस्लाम उर्फ सोनू ने कबूल किया कि उसने चोरी की एक अन्य मोटरसाइकिल ताहिरपुर के सीएनजी पंप के पास छिपाकर खड़ी की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तुरंत कार्रवाई करते हुए वहां से एक सीबीज मोटरसाइकिल बरामद की। जांच करने पर यह मोटरसाइकिल भी 9 अप्रैल को सीमापुरी थाना क्षेत्र से चुराई गई पाई गई।

पुलिस रिकॉर्ड के सत्यापन से खुलासा हुआ कि आरोपी इस्लाम उर्फ सोनू एक पेशेवर और आदतन अपराधी है। वह पहले भी दिल्ली के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, वाहन चोरी और झपटमारी के 11 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस पूछताछ में उसने वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की कई अन्य वारदातों को भी अंजाम देने की बात स्वीकार की है, जिसके आधार पर पुलिस ने 12 अलग-अलग मामलों को सुलझाने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के साथियों और उसके पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है, ताकि चोरी का अन्य सामान भी बरामद किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More