बवाना का आदतन अपराधी गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश जारी, ₹52,000 नगद और चोरी का बैग बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला की गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और त्वरित कार्रवाई की बदौलत महज 24 घंटे के भीतर चोरी के एक संवेदनशील मामले को सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने बवाना इलाके के एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी की गई राशि में से ₹52,000 की नगदी और एक छोटा काले रंग का बैग बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आफताब उर्फ भोमा (26 वर्ष), निवासी बवाना, दिल्ली के रूप में हुई है।

शाहदरा जिला के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 14 मई को मध्य प्रदेश के भिंड जिला निवासी जितेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि गीता कॉलोनी के पुश्ता रोड स्थित शनि देव मंदिर के पास किसी अज्ञात चोर ने उनका एक बैग उड़ा लिया है, जिसमें ₹1,50,000 नगद रखे हुए थे। इस संबंध में गीता कॉलोनी थाने में बीएनएस की संबंधित धारा के तहत ई-प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम कुमार सिंह के नेतृत्व में एएसआई अनूप कुमार, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और मोहित कुमार की एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

जांच टीम ने तुरंत एक्शन में आते हुए घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। आपराधिक रिकॉर्ड के मिलान और तकनीकी विश्लेषण के बाद संदिग्ध की पहचान आफताब उर्फ भोमा के रूप में हुई। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के इरादे से दोबारा गीता कॉलोनी इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुश्ता रोड स्थित श्मशान घाट के पास जाल बिछाया और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

गहन पूछताछ और अमली जामा तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पीड़ित का काला बैग और ₹52,000 नगद बरामद हुए। जांच में पता चला कि आरोपी आफताब उर्फ भोमा एक आदतन अपराधी है, जो पहले भी दिल्ली के विभिन्न थानों में लूटपाट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट के छह गंभीर मामलों में शामिल रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वह इलाके में किसी और बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से पहले ही दबोचा गया। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल उसके सह-आरोपी की गिरफ्तारी और शेष राशि बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More