कस्तूरबा नगर रेड लाइट के पास 33 मामलों में शामिल शातिर अपराधी अवैध बटनदार चाकू के साथ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला की विवेक विहार थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय और आदतन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट जैसी 33 गंभीर वारदातों में शामिल एक बेहद शातिर और नामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल की जा रही ब्लैक स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन उर्फ सुमित उर्फ मोहित (31 वर्ष), निवासी मंडावली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।

शाहदरा जिला के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए विवेक विहार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरकेश गाबा के नेतृत्व में एक विशेष गश्ती टीम का गठन किया गया था। 15 मई को जब हेड कांस्टेबल अमित और हेड कांस्टेबल प्रवीण कस्तूरबा नगर रेड लाइट के पास गश्त पर तैनात थे, तभी एक गुप्त मुखबिर ने पुलिस टीम को इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में पुख्ता जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और संदिग्धों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान ब्लैक स्कूटी पर सवार एक युवक को आते देखा गया। पुलिस टीम को सामने देखकर आरोपी ने स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। जब आरोपी की अमली जामा तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू बरामद हुआ। इस संबंध में विवेक विहार थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गहन पूछताछ और पुलिस रिकॉर्ड के सत्यापन के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पकड़ा गया आरोपी अमन उर्फ सुमित कोई साधारण चोर नहीं बल्कि एक आदतन पेशेवर अपराधी है। वह पिछले एक दशक से भी अधिक समय से दिल्ली के मंडावली, मधु विहार, लक्ष्मी नगर, पांडव नगर, कृष्णा नगर, गाजीपुर और शकरपुर सहित विभिन्न थानों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ साल 2012 से लेकर अब तक चोरी, स्नैचिंग, चोरी का माल खरीदने, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 33 आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह घातक चाकू कहां से लाया था और इलाके में उसकी क्या योजना थी। मामले की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More