कैब का शीशा तोड़कर मोबाइल लूटने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी और फोन बरामद

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली की थाना सुभाष प्लेस पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक कैब चालक के साथ हुई लूटपाट के सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा किया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके के दो बेहद सक्रिय और आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से पीड़ित का लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर (22 वर्ष), निवासी शकूरपुर और फैजान (23 वर्ष), निवासी झुग्गी-झोपड़ी कॉलोनी, शकूरपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी फैजान थाना सुभाष प्लेस का घोषित बैड कैरेक्टर है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 14 मई की तड़के पुलिस को सूचना मिली कि पीतमपुरा के रोड पर पंचदीप एसोसिएट्स के सामने एक कैब चालक के साथ लूटपाट हुई है। शिकायतकर्ता कैब चालक अरविंद कुमार यादव ने बताया कि वह अपनी गाड़ी खड़ी कर अंदर आराम कर रहा था, तभी अचानक एक बदमाश ने ईंट मारकर कैब का शीशा तोड़ दिया और उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन लूट लिया। जब पीड़ित ने पीछा किया तो आरोपी अपने दूसरे साथी के साथ स्कूटी पर बैठकर भागने लगा। लेकिन ऐन वक्त पर उनकी स्कूटी स्टार्ट नहीं हुई, जिसके कारण दोनों आरोपी घबराहट में स्कूटी को मौके पर ही छोड़कर पैदल फरार हो गए। जांच में वह स्कूटी भी सुभाष प्लेस थाने से ही चोरी की पाई गई। इस संबंध में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता और वीआईपी इलाके की सुरक्षा को देखते हुए एसीपी सुभाष प्लेस सुश्री सृष्टि भट्ट के निकट पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी निरीक्षक तेजपाल सिंह के नेतृत्व में पीएसआई दिनेश दहिया, मुख्य आरक्षी प्रवेश, आरक्षी श्यामवीर और मोहित की एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन निरीक्षण किया। स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय कर और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को ट्रैक कर सफलतापूर्वक दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हो गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं, जो पूर्व में लूट, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के कुल आठ मामलों में शामिल रहे हैं। आरोपी समीर पर तीन मामले दर्ज हैं, जबकि थाना सुभाष प्लेस के घोषित बैड कैरेक्टर फैजान पर पांच मामले दर्ज हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी फैजान अभी हाल ही में 27 मार्च को जमानत पर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने फिर से अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। आरोपियों ने बताया कि वे अपनी आलीशान जीवनशैली, नशे की जरूरतों और आसान पैसा कमाने की चाहत में वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस फिलहाल इनसे अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More