ऑटो में बैठाकर महिला के गहने और दस्तावेज उड़ाने वाले ‘ठक-ठक’ गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने ऑटो रिक्शा के जरिए सवारी बैठाकर चोरी और टप्पेबाजी करने वाले एक बेहद शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरोह के तीन मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा और पीड़िता के चोरी किए गए महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौशाद (35 वर्ष), निवासी मुस्तफाबाद, दिल्ली; वसीम (36 वर्ष), निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश और असलम (44 वर्ष), निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि 13 मई को एक महिला शिकायतकर्ता ने धौलाकुआं बस स्टैंड से आनंद विहार रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया था। यात्रा के दौरान रास्ते में दो और व्यक्ति ऑटो में सवार हुए और पीड़िता के बगल में बैठ गए। जब महिला बातों में उलझी हुई थी, तभी इन आरोपियों ने स्थिति का फायदा उठाकर उनके बैग से सोने की चेन, सोने के झुमके, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। इसके बाद ऑटो ड्राइवर ने चालाकी से पीड़िता को बीच रास्ते में ही उतार दिया और फरार हो गए। इस संबंध में दिल्ली कैंट थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत ई-प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने धौलाकुआं से लेकर आनंद विहार तक के पूरे रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी सर्विलांस की मदद से वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो की पहचान की गई। जांच के दौरान पता चला कि वह ऑटो सुंदर नगरी निवासी कासिम अली के नाम पर पंजीकृत है। कासिम से पूछताछ करने पर उसने खुलासा किया कि उसने यह ऑटो नौशाद नाम के व्यक्ति को किराए पर दे रखा है।

पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर आरोपी ऑटो ड्राइवर नौशाद को उसी ऑटो के साथ धर दबोचा। गहन पूछताछ के बाद नौशाद ने अपने बाकी साथियों के नाम उगल दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने बुलंदशहर के वसीम और बागपत के असलम को भी सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इसी तरह सवारियों का ध्यान भटकाकर कीमती सामान उड़ाते थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी के दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। फिलहाल वारदात में शामिल इनका चौथा साथी सोनू कुरैशी, निवासी लोनी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More