दोस्त की पिटाई का बदला लेने के लिए उतारा था मौत के घाट; रामजस पार्क के जंगल में हुए मर्डर का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: सेंट्रल दिल्ली की आनंद पर्वत थाना पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए रामजस पार्क के जंगली इलाके में हुई एक युवक की अंधी हत्या के सनसनीखेज मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है और उसके एक नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान विराट उर्फ गट्टू (22 वर्ष), निवासी बलजीत नगर, आनंद पर्वत के रूप में हुई है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 15 मई को आनंद पर्वत थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें कॉलर ने बताया कि तीन लड़के इलाके से गुजर रहे थे, तभी 10-15 अज्ञात लड़कों ने उन्हें रोककर उन पर हमला कर दिया और एक युवक को जबरन अपने साथ उठा ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि बलजीत नगर की पंजाबी बस्ती के पास स्थित रामजस पार्क के जंगल में एक युवक को चाकू मारा गया है। पुलिस ने पार्क की बाउंड्री वॉल और कूड़े के ढेर के पास एक 21 वर्षीय अज्ञात युवक को बेहोश पाया, जिसके सीने के बाईं ओर और सिर पर चोट के गहरे निशान थे। प्राथमिक जांच में उसकी मौत हो चुकी थी।

घटनास्थल पर कोई चश्मदीद गवाह मौजूद नहीं था। पुलिस ने मृतक के पास से मिले मोबाइल फोन के सिम कार्ड की मदद से उसकी पहचान स्थापित की और शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएचएमसी अस्पताल भेजा। इस संबंध में आनंद पर्वत थाने में बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी पटेल नगर सुनील कुमार के समग्र पर्यवेक्षण और आनंद पर्वत थाना प्रभारी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में एसआई जितेंद्र, अजीत, गौरव और अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के एक दोस्त का बयान दर्ज किया, जो वारदात के समय वहां मौजूद था। उसने खुलासा किया कि पुरानी रंजिश के चलते सात लोगों ने उन्हें घेरा था और मृतक को जबरन जंगल के अंदर ले जाकर चाकू और ईंटों से हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि वह और उसके अन्य साथी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे। पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय करते हुए मुख्य आरोपी विराट उर्फ गट्टू को रामजस पार्क के पास से धर दबोचा। उसके साथ एक 15 वर्षीय नाबालिग को भी पकड़ा गया।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी विराट उर्फ गट्टू ने खुलासा किया कि वारदात से दो दिन पहले मृतक और उसके दोस्तों ने उनके एक साथी ‘कांची’ की पिटाई की थी। वारदात की रात जब दोनों पक्षों का आमना-सामना हुआ, तो इसी बात को लेकर दोबारा झगड़ा शुरू हो गया। इसका बदला लेने के लिए विराट और उसके साथियों ने मिलकर युवक पर चाकू और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से मर्डर वेपन (चाकू) और उनके खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस इस वारदात में शामिल अन्य 5 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More