पुलिस को चकमा देकर ठिकाने बदल रहा था भगोड़ा; मोती नगर पुलिस ने इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास से दबोचा

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली की मोती नगर थाना पुलिस ने भगोड़े और घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने पिछले कई सालों से फरार चल रहे एक शातिर घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकरम अली (38 वर्ष), निवासी मुस्तफाबाद एक्सटेंशन, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए मोती नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल दिनेश और पुनीत की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को अकरम अली की तलाश थी, जिसे ती हजारी कोर्ट ने 30 जुलाई 2022 को एक मामले में ‘घोषित अपराधी’ करार दिया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी अकरम अली पिछले कई सालों से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। हालांकि, मोती नगर पुलिस की टीम पिछले कई महीनों से तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से उसका पीछा कर रही थी। आखिरकार, 13 मई को सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी की और आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अकरम अली पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है और कानूनी कार्यवाही से बचने के लिए जानबूझकर फरार चल रहा था। मोती नगर पुलिस की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई ने कोर्ट से वांछित अपराधियों के मन में डर पैदा किया है। पुलिस अब आरोपी को संबंधित कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More