दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर की थी चोरी; तिलक नगर पुलिस ने आरोपी को सोने के आभूषणों के साथ दबोचा

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली की तिलक नगर थाना पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए सेंधमारी की एक वारदात को प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी किए गए सोने के सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रज्जाक (29 वर्ष), निवासी जहांगीरपुरी के रूप में हुई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि 12 मई को ओल्ड महावीर नगर इलाके में एक घर में चोरी की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी मां सुबह घर को ताला लगाकर काम पर गई थीं और जब शाम को लौटीं, तो मुख्य गेट का कुंडा टूटा हुआ था और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखे सोने के कीमती आभूषण गायब थे।

इस शिकायत पर तिलक नगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी और एसीपी तिलक नगर के मार्गदर्शन में हेड कांस्टेबल रवि कांत को जांच सौंपी गई। क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान रात की गश्त पर तैनात हेड कांस्टेबल राजू चौधरी ने आउटर रिंग रोड स्थित फुट ओवर ब्रिज के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए देखा। संदेह होने पर जब उसे रोककर पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम रज्जाक बताया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की दाहिनी जेब से रुमाल में लिपटे हुए सोने के आभूषण बरामद हुए। गहन पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने दिन के समय ओल्ड महावीर नगर में सेंधमारी की थी और वह दोबारा चोरी की नियत से उसी इलाके में लौटा था।

पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 1.5 तोला की सोने की चेन, 1 तोला की दो अंगूठियां, 3 तोला के दो मंगलसूत्र, 1 तोला के दो जोड़ी टॉप्स और बच्चों का एक सोने का ‘चांद-सूरज’ आभूषण बरामद किया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ‘ई-साक्ष्य’ ऐप के जरिए की गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रज्जाक एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी चोरी और सेंधमारी के 04 मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More