चांदनी चौक में ज्वैलरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश; कोतवाली पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा

नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली की कोतवाली थाना पुलिस ने चांदनी चौक और दरीबा कलां इलाके में ज्वैलरी चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने महज 24 घंटों के भीतर गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी की गई हीरे की चूड़ी और सोने-हीरे की अंगूठियां शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित उर्फ कांटे (30 वर्ष) और दिलीप उर्फ बाबा (58 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दोनों सदर बाजार इलाके के रहने वाले हैं।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 6 मई की रात करीब 8 बजे दरीबा कलां के ज्वैलरी शॉप मालिक अभिजीत मल ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल से शालीमार बाग में एक ग्राहक को ज्वैलरी की डिलीवरी देने जा रहे थे। जब वे कूचा बुलाकी बेगम गली पहुंचे, तो कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोका और उनसे बहस करने लगे। कुछ देर बाद वे लोग चले गए, लेकिन जब पीड़ित शालीमार बाग पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनके बैग का चैन खुला था और अंदर रखे कीमती गहने गायब थे।

इस संबंध में कोतवाली थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में एसआई दीपक, एएसआई विजय और अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसमें कुछ संदिग्ध व्यक्ति घूमते हुए दिखाई दिए।

सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी सुमित उर्फ कांटे की पहचान हुई। पुलिस ने 8 मई की शाम को सदर बाजार के फिल्मीस्तान इलाके से उसे धर दबोचा। सुमित की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी गहने बरामद कर लिए। पूछताछ में सुमित ने अपने साथी दिलीप उर्फ बाबा का नाम भी उगला, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी सुमित ने बताया कि उनका गिरोह चांदनी चौक की भीड़भाड़ वाली गलियों में ऐसे लोगों की तलाश करता था जिनके पास बैकपैक होता था। गिरोह के सदस्य पीड़ित को घेरकर उससे बहस शुरू कर देते थे ताकि उसका ध्यान भटक जाए। इसी बीच गिरोह का दूसरा सदस्य बड़ी सफाई से बैग खोलकर कीमती सामान निकाल लेता था। आरोपी इन गहनों को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

मुख्य आरोपी सुमित उर्फ कांटे नशे का आदी है और उस पर पहले से लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 09 मामले दर्ज हैं। वहीं, 58 वर्षीय दिलीप उर्फ बाबा भी सदर बाजार इलाके का घोषित अपराधी है और उस पर 08 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने राहत की सांस ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More