लाहोरी गेट पुलिस ने शातिर सेंधमारों के गिरोह का किया भंडाफोड़; ₹8.5 लाख की चोरी मामले में तीन गिरफ्तार, सवा दो लाख बरामद

नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली की लाहोरी गेट थाना पुलिस ने खारी बावली इलाके में एक किराने की दुकान में हुई ₹8.5 लाख की बड़ी सेंधमारी के मामले को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए एक शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई राशि में से ₹2,10,550 नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरोह के सरगना कांची लाल उर्फ अशोक (52 वर्ष), चंद्रवीर (40 वर्ष) और ओमप्रकाश (36 वर्ष) के रूप में हुई है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 8 मई को खारी बावली निवासी महेश गर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी किराने की दुकान के ऊपरी दरवाजे को काटकर किसी ने ₹8.5 लाख की नगदी चोरी कर ली है। इस संबंध में लाहोरी गेट थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कोतवाली शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन और एसएचओ लाहोरी गेट योगेश्वर सिंह के नेतृत्व में एसआई संदीप, अमित और अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। फुटेज में तीन लोग दुकान के अंदर चोरी करते और एक बाहर निगरानी रखता हुआ दिखाई दिया। तकनीकी सर्विलांस के जरिए चांदनी चौक इलाके में वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी की पहचान हुई, जो हर्ष विहार निवासी एक महिला के नाम पर दर्ज थी। पुलिस टीम ने तुरंत हर्ष विहार में छापेमारी की, जहां पता चला कि स्कूटी का उपयोग उसका पति कांची लाल कर रहा था। पुलिस ने कांची लाल के घर से ₹1.52 लाख बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कांची लाल की निशानदेही पर पुलिस ने बागपत, यूपी से चंद्रवीर को पकड़ा, जिसके पास से ₹18,000 मिले। इसके बाद त्रिलोकपुरी से तीसरे आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया गया, जिससे ₹40,550 बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने चौथे साथी महताब के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पड़ोसी इमारत की सीढ़ियों के जरिए छत पर चढ़कर गैस कटर से दरवाजा काटा और दुकान के अंदर प्रवेश किया। इस दौरान ओमप्रकाश बाहर रहकर आने-जाने वालों पर नजर रख रहा था।

मुख्य आरोपी कांची लाल उर्फ अशोक नशे का आदी है और उस पर पहले से चोरी, लूट और एनडीपीएस के 18 मामले दर्ज हैं। चंद्रवीर जुए की लत के कारण कर्ज में डूबा हुआ था, जबकि ओमप्रकाश पर किडनैपिंग का पुराना मामला दर्ज है। पुलिस फिलहाल इनके फरार साथी महताब की तलाश में दिल्ली और आसपास के राज्यों में छापेमारी कर रही है ताकि शेष राशि भी बरामद की जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More