नाला रोड पर जाल बिछाकर दबोचा शातिर लुटेरा गिरफ्तार, अवैध पिस्तौल और चोरी के 3 वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड ने इलाके में सक्रिय लुटेरों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, तीन चोरी की मोटरसाइकिलें और दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज उर्फ रवि उर्फ अफजल (33 वर्ष), निवासी आदर्श नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

रोहिणी जिला के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम गठित की गई थी। टीम में एसआई राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, दीपक, परवेश और कांस्टेबल सुमित व नजमुद्दीन शामिल थे। 12 मई को टीम को एक संदिग्ध की आवाजाही के बारे में गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर सेक्टर-1, रोहिणी स्थित नाला रोड के पास रणनीतिक जाल बिछाया गया।

गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा, जिसने पुलिस का इशारा पाकर मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, अलर्ट पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पता चला कि बरामद मोबाइल फोन बुध विहार और प्रशांत विहार थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। इस संबंध में के.एन. काटजू मार्ग थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी फिरोज ने हाल ही में लूट की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन और मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जो अमन विहार, शाहबाद डेयरी और प्रशांत विहार इलाकों से चोरी की गई थीं। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने चोरी और लूट के कुल 5 मामलों को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी फिरोज पहले भी चोरी और लूट के 4 गंभीर मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More