भागने की कोशिश कर रहा बदमाश अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला की एंटी-रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल ने इलाके में सक्रिय लुटेरों और झपटमारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान एक बेहद शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिरिल उर्फ अमन उर्फ काला (29 वर्ष), निवासी राम विहार, कराला के रूप में हुई है।

रोहिणी जिला के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले में आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह के मार्गदर्शन और एआरएससी प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में हेड कांस्टेबल अनिल, आशीष, अमरजीत और कांस्टेबल दिग्विजय शामिल थे। 11 मई को टीम को बेगमपुर इलाके में एक संदिग्ध की आवाजाही के बारे में पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर आंबेडकर चौक, बादशाह मार्ग के पास जाल बिछाया गया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि जिस मोटरसाइकिल का वह उपयोग कर रहा था, वह न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस संबंध में बेगमपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी सिरिल उर्फ काला अमन विहार थाने का एक घोषित हिस्ट्रीशीटर है। वह बेहद शातिर किस्म का अपराधी है और पहले भी चोरी, स्नैचिंग तथा आर्म्स एक्ट के करीब 15 गंभीर मामलों में शामिल रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की तफ्तीश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह हथियार कहां से हासिल किया था और इस गिरोह के अन्य तार कहां से जुड़े हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More