बटनदार चाकू के साथ धरा गया आदतन अपराधी, चोरी के 5 मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिला की विजय विहार थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय सेंधमारों और वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू, चोरी की एक मोटरसाइकिल और विभिन्न इलाकों से चोरी किए गए पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनी उर्फ गंजा (24 वर्ष), निवासी विजय विहार के रूप में हुई है।

रोहिणी जिला के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले में स्नैचिंग, लूट और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसीपी रोहिणी बृजमोहन मीणा के मार्गदर्शन और एसएचओ विजय विहार मनोहर लाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में हेड कांस्टेबल जय राम मीणा, विनय कुमार और कांस्टेबल रविकांत शामिल थे। 12 और 13 मई की दरम्यानी रात को जब पुलिस टीम श्मशान घाट रोड के पास गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को देखा।

पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो संदिग्ध ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने तेजी दिखाते हुए उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू और विजय विहार इलाके से चोरी किए गए चार मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वह जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह भी विजय विहार थाना क्षेत्र से ही चोरी की गई थी। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने हाल ही में चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक और चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। इस गिरफ्तारी से विजय विहार थाने के कुल 7 आपराधिक मामलों को सुलझाने में कामयाबी मिली है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सनी उर्फ गंजा एक आदतन अपराधी है और वह पहले भी चोरी तथा आर्म्स एक्ट के 6 गंभीर मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और अन्य चोरी के सामान का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More