शालीमार बाग में नकली लग्जरी ब्रांड्स के शोरूम का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान जब्त

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की जिला जांच इकाई (डीआईयू) ने शालीमार बाग इलाके में नामी अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के नाम पर नकली सामान बेचने वाले एक बड़े गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में डिजाइनर हुड नामक दुकान के मालिक मोहित सचदेवा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नामी ब्रांड्स जैसे प्राडा, लाकोस्टे, बालेनियागा, बरबरी, गांट और ह्यूगो बॉस के नकली कपड़े, घड़ियां, सनग्लासेज, परफ्यूम और जूते बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से उन जालसाजों में हड़कंप मच गया है जो नकली उत्पादों को असली बताकर बाजार में बेचते हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि ह्यूगो बॉस, बरबरी और प्राडा जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने शालीमार बाग स्थित बीटी ब्लॉक की दुकान संख्या 123 के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इस दुकान पर उनकी कंपनी के ट्रेडमार्क और लोगो का गलत इस्तेमाल कर नकली सामान बेचा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अजय कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक सुनील कुमार, एसआई सुब्बा रेड्डी, एसआई मोहन लाल और अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद दुकान पर छापा मारा और शालीमार बाग निवासी 35 वर्षीय आरोपी मोहित सचदेवा को रंगे हाथों पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को दुकान से लग्जरी ब्रांड्स के सामान का जखीरा मिला। बरामदगी की सूची में प्राडा ब्रांड की 55 टी-शर्ट, 17 जींस, 40 सनग्लासेज, लाकोस्टे की 44 टी-शर्ट, बालेनियागा की 55 टी-शर्ट और 8 शर्ट, बरबरी की 39 टी-शर्ट और 27 शर्ट शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में नकली परफ्यूम, डियोडोरेंट, कलाई घड़ियां, वॉलेट और हैंडबैग भी जब्त किए गए हैं। आरोपी मोहित सचदेवा बेहद शातिर तरीके से इन नकली उत्पादों पर प्रतिष्ठित कंपनियों के लेबल और टैग लगाकर उन्हें असली उत्पाद के रूप में बेचता था। वह खुद को इन ब्रांड्स का अधिकृत वितरक बताकर ग्राहकों को गुमराह करता था और मोटा मुनाफा कमा रहा था।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मोहित सचदेवा पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पिछले साल भी शालीमार बाग थाने में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस बार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नकली सामान कहां से बनवाता था और इस सिंडिकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने सारा माल जब्त कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More