संजय लेक पर लूटपाट करने वाला शातिर लुटेरा और नाबालिग साथी गिरफ्तार, छीना गया मोबाइल और हैंडबैग बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला की पांडव नगर थाना पुलिस ने संजय लेक इलाके में हुई लूटपाट की एक वारदात को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए एक लुटेरे और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से शिकायतकर्ता का लूटा हुआ ओप्पो मोबाइल फोन और हैंडबैग बरामद कर लिया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान प्रेम (20 वर्ष), निवासी शशि गार्डन के रूप में हुई है, जो पहले भी लूटपाट के एक मामले में शामिल रहा है।

पूर्वी जिला के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 10 मई को पीड़िता निकिता अपने दोस्त के साथ संजय लेक पर बैठी थीं, तभी दो लड़कों ने उन पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने निकिता को धक्का दिया और दूसरे ने जबरन उनका हैंडबैग छीन लिया, जिसमें मोबाइल फोन और ₹800 नगद थे। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस संबंध में पांडव नगर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन और एसएचओ पांडव नगर के नेतृत्व में एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल प्रशांत, कांस्टेबल ताराचंद और अजय की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। फील्ड वर्क और मानवीय खुफिया जानकारी के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि इस वारदात के पीछे शशि गार्डन निवासी प्रेम का हाथ है।

जांच में पता चला कि प्रेम अक्सर एक नाबालिग साथी के साथ देखा जाता है। पुलिस ने 12 मई को संजय लेक के पास जाल बिछाकर दोनों को उस समय धर दबोचा जब वे किसी और वारदात की फिराक में थे। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मुख्य आरोपी प्रेम 10वीं कक्षा ड्रापआउट है और ड्रग्स का आदी है। बेरोजगारी और नशे की लत के कारण वह अपराध की दुनिया में उतर गया। वह पहले भी पांडव नगर थाने में दर्ज लूटपाट के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन्होंने हाल के दिनों में संजय लेक के आसपास अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More