शादी के महज 12 दिन बाद पत्नी का गला घोंटा; बदबू आने पर खुला हत्या का राज, आरोपी पति और देवर सलाखों के पीछे

नई दिल्ली: दिल्ली के मध्य जिला की नबी करीम थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या के मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी पति को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी के कुछ ही दिनों बाद अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए पश्चिम बंगाल भाग गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद एजाज (39 वर्ष), निवासी वैशाली, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के भाई सरफराज को भी दहेज उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है।

सेंट्रल जिला के डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि 8 मई की रात को नबी करीम के लक्ष्मणपुरी इलाके से एक पीसीआर कॉल मिली थी। मकान मालिक ने सूचना दी कि उसके एक किराए के कमरे से तेज दुर्गंध आ रही है और किराएदार वहां मौजूद नहीं है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर कमरे का दरवाजा खोला तो वहां बिस्तर पर एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी एन.पी. (28 वर्ष) के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि मृतका ने 26 अप्रैल को मोहम्मद एजाज के साथ शादी की थी और दोनों हाल ही में इस किराए के कमरे में रहने आए थे। वारदात के बाद से ही एजाज फरार था। इस संबंध में नबी करीम थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

डीसीपी ने बताया कि एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और एसएचओ नबी करीम के नेतृत्व में एसआई अरविंद, हेड कांस्टेबल जग सरन और महेश की एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतका के पिता ने एजाज और उसके भाई सरफराज पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया, जिसके बाद सरफराज को 10 मई को गिरफ्तार कर लिया गया।

तकनीकी निगरानी के जरिए मुख्य आरोपी एजाज की लोकेशन कोलकाता में मिली। दिल्ली पुलिस की टीम तुरंत कोलकाता के लिए रवाना हुई और 13 मई को उसे कराया इलाके से धर दबोचा। पूछताछ के दौरान एजाज ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 6 और 7 मई की दरम्यानी रात को दहेज और पैसों के विवाद को लेकर उनका झगड़ा हुआ था, जिससे गुस्से में आकर उसने गला घोंटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

आरोपी ने खुलासा किया कि उसने भागने के लिए पैसों का इंतजाम करने हेतु मृतका का ओप्पो A-18 मोबाइल फोन ₹2,500 में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More