मोहन गार्डन पुलिस ने 2 शातिर सेंधमारों को दबोचा; चोरी की एसी, मोबाइल और वाहन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला की मोहन गार्डन थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय शातिर सेंधमारों और ऑटो-लिफ्टर्स के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मोहम्मद महफूज (28 वर्ष) और सोनू सिंह रावत (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का एक हिताची विंडो एसी, दो मोबाइल फोन, दो चोरी की स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

द्वारका जिला के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को शिकायतकर्ता शहजाद अली ने रामा पार्क स्थित अपनी दुकान से हिताची एसी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी नजफगढ़ राज कुमार के मार्गदर्शन और एसएचओ मोहन गार्डन इंस्पेक्टर मुकेश अंतिल के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जितेंद्र, राकेश, धर्मेंद्र और हरेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने मोहन गार्डन, उत्तम नगर और रनहोला इलाके में लगे 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की और आखिरकार दोनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी का एसी बरामद कर लिया गया।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने न केवल एसी चोरी की थी, बल्कि वे इलाके में मोबाइल और वाहन चोरी की वारदातों में भी लिप्त थे। उनकी निशानदेही पर दो चोरी के मोबाइल और दो स्कूटी बरामद की गई। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल की गई उनकी पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी सोनू सिंह रावत पहले भी 6 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जबकि मोहम्मद महफूज पर 2 पुराने मामले दर्ज हैं। इन दोनों की गिरफ्तारी से मोहन गार्डन और निहाल विहार थानों में दर्ज कुल 8 मामलों को सफलतापूर्वक सुलझा लिया गया है। फिलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और पुलिस इनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More