राजौरी गार्डन पुलिस ने वाहन चोर को किया गिरफ्तार, चोरी की तीन स्कूटी और अवैध चाकू बरामद

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली की राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय एक कुख्यात ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध बटनदार चाकू और चोरी की तीन स्कूटी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल उर्फ रोहित (25 वर्ष), निवासी रघुबीर नगर के रूप में हुई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि राजौरी गार्डन इलाके में लगातार हो रही स्कूटी चोरी की घटनाओं को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई थी। एसीपी राजौरी गार्डन शरत चंद्र निर्मल और थाना प्रभारी रविंदर जोशी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राकेश, महेंद्र और कांस्टेबल संजय, कमल व विक्रम की टीम ने करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।

कड़ी मशक्कत और तकनीकी सर्विलांस के बाद 12 मई को पुलिस ने रघुबीर नगर के कूड़ा खट्टा इलाके में जाल बिछाकर विशाल उर्फ रोहित को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू और एक लाल रंग की एनटॉर्क स्कूटी मिली, जो उसी दिन राजौरी गार्डन इलाके से चोरी हुई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो और चोरी की स्कूटी बरामद कीं। जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी चोरी, लूटपाट और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में शामिल रहा है। उसने खुलासा किया कि खराब वित्तीय स्थिति और गलत संगति के कारण वह अपराध की दुनिया में उतरा।

पुलिस ने बरामद वाहनों और हथियार को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ‘ई-साक्ष्य’ एप्लीकेशन के माध्यम से की गई है। इस गिरफ्तारी से राजौरी गार्डन थाने के कम से कम चार बड़े मामलों को सुलझाने में मदद मिली है। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने ये वाहन किसे बेचने की योजना बनाई थी। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More