लूट के बाद भाग रहे बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, ओप्पो 5G फोन और लूटी गई रकम बरामद

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली की विकासपुरी थाना पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए लूट की एक सनसनीखेज वारदात को चंद घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो ऐसे शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो पहले से ही दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज 65 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक (22 वर्ष) और विपिन उर्फ सर्किट (26 वर्ष) के रूप में हुई है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि विकासपुरी थाने को पिलर नंबर 614 के पास लूटपाट की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह उत्तम नगर से तिलक नगर की ओर जा रहा था, तभी दो लड़कों ने उसे बातों में उलझाया। अचानक एक ने उसे धक्का दिया और दूसरे ने उसके चेहरे पर मुक्का मारकर उससे ₹970 नगद और उसका ओप्पो मोबाइल फोन लूट लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी तिलक नगर डॉ. गरिमा तिवारी के मार्गदर्शन और एसएचओ विकासपुरी घनश्याम किशोर के नेतृत्व में एएसआई हरीलाल, हेड कांस्टेबल संजय पिलानिया और राम किशन की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता की मदद से घटनास्थल के पास ही एक आरोपी अभिषेक को दबोच लिया। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस और निरंतर प्रयासों से दूसरे आरोपी विपिन उर्फ सर्किट को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नगदी बरामद कर ली गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अभिषेक पहले से 20 मामलों में शामिल है, जबकि विपिन उर्फ सर्किट 45 से अधिक मामलों में लिप्त रहा है और वह जनकपुरी थाने के एक पुराने मामले में सजायाफ्ता भी है।

इस सफल ऑपरेशन से न केवल विकासपुरी थाने के लूट के मामले को सुलझा लिया गया है, बल्कि इलाके में सक्रिय दो बेहद खतरनाक अपराधियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। विकासपुरी पुलिस की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई ने स्थानीय निवासियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है। मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More