बवाना जेजे कॉलोनी से सुल्तानपुरी वारदात करने आए दो बदमाश धरे गए, चोरी की स्कूटी और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने एक सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो चोरी, झपटमारी और ‘गड्डीबाजी’ जैसी वारदातों में वांछित थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जसीम (20 वर्ष) और चम्मन खान (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बवाना इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से जामा मस्जिद इलाके से चोरी की गई एक स्कूटी, निहाल विहार से लूटा गया एक मोबाइल फोन और 7 संदिग्ध सिम कार्ड बरामद किए हैं।

बाहरी जिला के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 11 मई को एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि बवाना जेजे कॉलोनी के दो लड़के चोरी की स्कूटी पर सवार होकर सुल्तानपुरी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र दलाल के मार्गदर्शन और सेल के प्रभारी निरीक्षक रितेश राज के नेतृत्व में एसआई देवेंद्र, हेड कांस्टेबल राजेश, अनुज, प्रवीण, रमेश और कांस्टेबल देवेंद्र की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने सुल्तानपुरी के एक्स-ब्लॉक स्थित नाला रोड पर रणनीतिक रूप से जाल बिछाया। कुछ समय बाद स्कूटी पर सवार दो लड़कों को आते देखा गया। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश में स्कूटी को यू-टर्न ले लिया। सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर दोनों को सफलतापूर्वक दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड मिले। जांच में पता चला कि स्कूटी 8 मई को जामा मस्जिद से चोरी हुई थी और एक मोबाइल फोन निहाल विहार में दर्ज चोरी के मामले से जुड़ा था।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी समयपुर बादली थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में भी वांछित थे। पुलिस ने बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए सभी सामान जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस उन सात सिम कार्डों और दूसरे मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका उपयोग किन अन्य वारदातों में किया गया था। इस गिरफ्तारी से बाहरी और मध्य दिल्ली के कम से कम तीन बड़े आपराधिक मामलों को सुलझाने में मदद मिली है। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More