घर में घुसकर जेवर उड़ाने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में जेवरात और नकदी बरामद

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के रनहोला थाना पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए घर में हुई सेंधमारी की एक सनसनीखेज वारदात को एफआईआर दर्ज होने के महज 24 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में ‘तौहीद उर्फ झपट’ नाम के एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो पहले से ही चोरी और लूट जैसे 13 अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने के हार, अंगूठी, चांदी की तगड़ी, पायल और ₹67,200 की नकदी बरामद की है।

बाहरी जिला के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 10 मई को शिकायतकर्ता संत राम ने रनहोला थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि दोपहर के समय उनके घर से अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के गहने और करीब ₹79,000 की नकदी साफ कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी नांगलोई समर सिंह के मार्गदर्शन और रनहोला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अमित और राकेश की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई। स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपी की पहचान तौहीद उर्फ झपट के रूप में की गई, जो मोहन गार्डन इलाके का घोषित बदमाश है। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी का माल लेकर नाला रोड की ओर भाग रहा है। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होली कॉन्वेंट स्कूल के पास घेराबंदी की और तौहीद को धर दबोचा।

तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से चोरी का लगभग सारा सामान और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी तौहीद एक आदतन अपराधी है और उस पर दिल्ली के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने हाल के दिनों में इस इलाके में अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और बरामद संपत्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More