जान-पहचान का फायदा उठाकर घर में घुसा और चाकू से किया वार, 4 लाख की लूट का आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला के स्पेशल स्टाफ ने इलाके में दहशत फैलाने वाले हथियारबंद हमलों और घर में घुसकर लूटपाट करने के दो मामलों का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने 55 वर्षीय आरोपी अजय बग्गा उर्फ विजय बग्गा को गिरफ्तार किया है, जिसने चाकू (छापड़) और गंडासे जैसे हथियारों से वार कर पीतमपुरा और केशव पुरम जैसे रिहायशी इलाकों में भय का माहौल पैदा कर दिया था। इन वारदातों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर आरोपी को पकड़ने का भारी दबाव था।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि पहली घटना 21 अप्रैल को मौर्य एन्क्लेव थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोपी अजय बग्गा, जो शिकायतकर्ता साहिल कुकरेजा का पुराना परिचित था, पानी पीने के बहाने घर में घुसा और ‘छापड़’ से हमला कर साहिल को घायल कर दिया। आरोपी वहां से 4 लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गया था। दूसरी घटना 8 मई को केशव पुरम में हुई, जहां आरोपी ‘आरओ मैकेनिक’ बनकर एक महिला के घर में घुसा और गंडासे से उन्हें धमकाया। हालांकि, महिला की बहादुरी और शोर मचाने के कारण वह हथियार फेंककर भाग गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस प्रदीप पलिवाल और स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 50 से अधिक होटलों की तलाशी ली, सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी का पीछा किया। आखिरकार, पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा नानक प्याऊ के पास छिपा हुआ है, जहां से उसे रणनीतिक जाल बिछाकर गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी अजय बग्गा ने दोनों वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आरोपी पीतमपुरा का ही रहने वाला है और अपनी उम्र का फायदा उठाकर लोगों का भरोसा जीतता था। उसकी गिरफ्तारी से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More