अपमान का बदला लेने के लिए फूंकी स्कूटियां: अशोक विहार पुलिस ने आरोपी और 3 सहयोगियों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की अशोक विहार थाना पुलिस ने इलाके में हुई एक सनसनीखेज आगजनी की घटना को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सागर और उसके तीन नाबालिग साथियों को पकड़ लिया है। आरोपियों ने निजी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगाई थी, जिसकी चपेट में आकर पास खड़ी 4 अन्य स्कूटियां भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई थीं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी सागर (18 वर्ष), निवासी वजीरपुर गांव, एक आदतन अपराधी है और पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 11 मई को वजीरपुर इलाके के निवासी आशीष ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित सागर और अन्य लड़कों ने इलाके में खड़ी 5 स्कूटियों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी है। इस संबंध में अशोक विहार थाने में बीएनएस की धारा 326(F)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और एसएचओ प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एसआई योगेश शर्मा की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सागर को गिरफ्तार किया और उसके साथ वारदात में शामिल रहे तीन अन्य नाबालिग को भी पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी सागर ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता आशीष अक्सर उसे और उसके दोस्तों को धमकाता था और उनके साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन आशीष ने सागर के घर के सामने उसे अपमानित किया था, जिसका बदला लेने के लिए सागर ने देर रात अपने साथियों को बुलाया और आशीष की स्कूटी में आग लगा दी।

पुलिस के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि आशीष की स्कूटी के साथ पास खड़ी अन्य गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सागर वजीरपुर इलाके में पहले भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More