जहांगीरपुरी में आपसी रंजिश में सीने पर किया था चाकू से वार, स्पेशल स्टाफ ने दो नाबालिगों को दबोचा, कटार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला के स्पेशल स्टाफ ने जहांगीरपुरी इलाके में हुई हत्या के प्रयास की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा किया है। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल दो नाबालिगों को पकड़ लिया है। इनके पास से वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई एक घातक कटार भी बरामद कर ली गई है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 12 मई की सुबह करीब दस बजे जहांगीरपुरी के बी-ब्लॉक स्थित सरकारी स्कूल के पास चाकूबाजी की घटना हुई थी। शिकायतकर्ता मोहम्मद अली (15 वर्ष), जो मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता है, ने बताया कि जब वह अपने चचेरे भाई कैफ के साथ मरम्मत के काम से जा रहा था, तभी उनके परिचित दो लड़कों ने उन्हें रोक लिया।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर दूसरे ने मोहम्मद अली पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। अली तो बच निकला, लेकिन आरोपियों ने कैफ को पकड़ लिया और उसके सीने पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में थाना जहांगीरपुरी में बीएनएस की धारा 109(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशन्स प्रदीप पालीवाल के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हरीश और कांस्टेबल ओमबीर की एक टीम गठित की गई। टीम ने स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाईं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। अंततः पुलिस के सतत प्रयासों से दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त कटार भी बरामद कर ली गई।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More