ब्लेड दिखाकर लूट करने वाले तीन शातिर स्नैचर गिरफ्तार, सोने का लॉकेट बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने पीपी बधोला स्टाफ की मदद से स्नैचिंग की एक सनसनीखेज वारदात को सुलझाते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गबास गुप्ता (30 वर्ष), प्रेम कुमार (22 वर्ष) और महबूब (27 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी जहांगीरपुरी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से वारदात के दौरान छीना गया सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 10 मई को महेंद्र पार्क थाने में स्नैचिंग की एक सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि तीन व्यक्तियों ने उसे रास्ते में रोका और ब्लेड दिखाकर धमकाते हुए उसके गले से सोने का लॉकेट छीन लिया। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी शालीमार बाग मुकेश वालिया के पर्यवेक्षण और एसएचओ विजय शनवाल के नेतृत्व में पीपी बधोला इंचार्ज एसआई सचिन की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी जांच और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जहांगीरपुरी इलाके में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी महबूब के कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना हुआ सोने का लॉकेट बरामद हुआ। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि महबूब और गबास गुप्ता पहले भी चोरी और स्नैचिंग के तीन मामलों में शामिल रहे हैं। वहीं, गिरोह का तीसरा सदस्य प्रेम कुमार पहली बार किसी अपराध में पकड़ा गया है। आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने जल्दी और आसान पैसा कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस फिलहाल इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इन्होंने इलाके में इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More