आगरा पुलिस का ‘मोस्ट वांटेड’ दिल्ली में गिरफ्तार: स्नैचिंग, चोरी और दुष्कर्म के नौ मामलों का खुलासा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की अशोक विहार थाना पुलिस ने एक कुख्यात लुटेरे और स्नैचर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज उर्फ मन्नू उर्फ मोनू (26 वर्ष), निवासी वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी न केवल दिल्ली में स्नैचिंग और लूट की वारदातों में शामिल था, बल्कि वह उत्तर प्रदेश के आगरा में दर्ज दुष्कर्म और चोरी के कई मामलों में भी वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से छीने गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 4 मई को आजादपुर रेलवे स्टेशन के पास एक युवक से मोबाइल छीनने की शिकायत मिली थी। पीड़ित विशाल कुमार ने बताया कि उसका परिचित मनोज उर्फ मोनू ही उसका फोन छीनकर भाग गया है। इस शिकायत पर अशोक विहार थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी संख्या 163/26 दर्ज की गई। एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के पर्यवेक्षण और एसएचओ प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एसआई योगेश शर्मा की टीम ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच के बाद आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने न केवल विशाल का फोन छीना, बल्कि इलाके में स्नैचिंग की कई अन्य घटनाओं को भी अंजाम दिया है। उसकी निशानदेही पर एक और मोबाइल बरामद हुआ जो पिछले साल अशोक विहार थाने में दर्ज स्नैचिंग के एक मामले से जुड़ा था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी मनोज थाना बरहन, आगरा (उत्तर प्रदेश) में दर्ज दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से आगरा और दिल्ली के कुल नौ आपराधिक मामलों को सुलझाने में मदद मिली है।

आरोपी मनोज उर्फ मन्नू वजीरपुर इलाके का घोषित बदमाश है और उस पर पहले से ही लूटपाट और स्नैचिंग के 6 मामले दर्ज हैं। वह आदतन अपराधी है और जेल से बाहर आने के बाद फिर से वारदातों को अंजाम देने लगता था। पुलिस फिलहाल आगरा पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे रही है ताकि वहां के मामलों में भी कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More