विदेशी नौकरी का झांसा देकर ₹9.25 लाख ठगने वाला शातिर अपराधी मुंबई से गिरफ्तार, दो अन्य पीड़ितों को ठगी से बचाया

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला की साइबर थाना पुलिस ने वीज़ा और विदेशी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर ठग को महाराष्ट्र के पनवेल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनुप धर्मोले (37 वर्ष), निवासी अहमदनगर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। आरोपी ने दिल्ली के एक निवासी से ₹9.25 लाख की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 3 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप बरामद किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने दो अन्य संभावित पीड़ितों को भी ठगी का शिकार होने से ऐन वक्त पर बचा लिया।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि शालीमार बाग निवासी विजय नारंग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विदेशी नौकरी के लिए आवेदन करने के दौरान उनसे वीज़ा प्रोसेसिंग और क्लियरेंस के नाम पर ₹9.25 लाख ठग लिए गए। इस शिकायत पर साइबर थाना उत्तर-पश्चिम में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी सृष्टि भट्ट के मार्गदर्शन और एसएचओ दिनेश दहिया के नेतृत्व में गठित टीम ने जब तकनीकी जांच की, तो सुराग मुंबई की ओर मिले।

जांच में एक अनोखा पैटर्न सामने आया। आरोपी मुंबई के विभिन्न क्लबों में ‘प्रवीण सुधाकर देशमुख’ के नाम से फर्जी पहचान बनाकर रहता था। वह क्लब मैनेजरों से नजदीकी बढ़ाता और ठगी की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर कर देता था। कुछ राशि से वह अपना बिल चुकाता और बाकी भविष्य के खर्चों के लिए जमा रखता था। पुलिस टीम ने एक सप्ताह तक महाराष्ट्र में डेरा डाला और आखिरकार तकनीकी निगरानी के जरिए उसे पनवेल के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।

चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तारी के समय आरोपी दो और व्यक्तियों—महाराष्ट्र के रूमिन कृष्णा और हरियाणा के महेश कुमार को ठगने की तैयारी में था। इनमें से एक व्यक्ति ₹25,000 दे चुका था और दूसरा इंटरव्यू के लिए पैसे देने वाला था। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें आरोपी के असली चेहरे से वाकिफ कराया, जिस पर दोनों ने दिल्ली पुलिस का आभार व्यक्त किया।

आरोपी अनुप धर्मोले एक आदतन अपराधी है, जिसने 3 साल पहले अपना घर छोड़ दिया था और परिवार से उसका कोई संपर्क नहीं था। उसके खिलाफ महाराष्ट्र और उत्तराखंड में पहले से ही धोखाधड़ी के 3 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन और पहचान बदलता रहता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे विदेशी नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे देने से बचें।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More